
ठाकुरगंज थाने में शिकायत देकर निजी अस्पताल संचालिका ने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, मतांतरण (Lucknow Conversion Case) का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, उन्हें कैंसर है और यह बात जब आरोपित को पता चली तो उसने दूरी बना ली। उनकी दो बेटियों को भी मतांतरण के लिए दुष्प्रेरित कर शोषण किया। विरोध पर उन्हें धमकी दी गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
तालकटोरा की एक कालोनी निवासी महिला ने बताया कि दिसंबर 2024 में न्यू हैदरगंज के मल्हपुर निवासी नौशाद पत्नी को प्रसव के लिए अस्पताल लाया था। यहीं से उनकी मुलाकात आरोपित से हुई। मित्रता बढ़ी तो आरोपित ने शादी का वादा कर नजदीकियां बढ़ाई। कई बार यौन शोषण किया।
जून 2025 को पीड़िता को खुद के कैंसर होने की बात पता चली। इलाज के लिए वह आरोपित के साथ मुंबई गई। इसके बाद दोनों के बीच रुपयों के लेनदेन में विवाद हुआ। कैंसर की बात पता चलने पर आरोपित ने दूरी बना ली। पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपित ने मतांतरण का दबाव बनाया।
कुछ दिन बाद बड़ी बेटी से संपर्क कर उसे दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और कई बार शोषण किया। उनके मुताबिक, आरोपित बेटी को दूसरे शहर में ले जाकर मौलवियों से मिलवाता और मतांतरण के लिए उकसाता था।
15 वर्षीय दूसरी बेटी से भी आरोपित ने अश्लीलता और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध पर धमकी दी। उन्होंने कई और आरोप भी लगाए हैं। ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि यौन शोषण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।



