
Mumbai Crime: मुंबई के मालाड पूर्व इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के बीच एक पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद घायल पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन पुलिस को सूचना दिए बिना वहां से फरार हो गया। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मालाड पूर्व के कुरार गांव स्थित तानाजी नगर की है। मृतका की पहचान 29 वर्षीय सुचिता सालुंखे के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति आकाश सालुंखे बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
लव मैरिज के बाद शुरू हुईं परेशानियां
जांच में पता चला कि आकाश और सुचिता ने वर्ष 2022 में परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद परिवार ने दोनों से दूरी बना ली थी, जिसके चलते वे किराए के मकान में रह रहे थे। आर्थिक तंगी के कारण सुचिता एक पैथोलॉजी लैब में नौकरी करती थी।
पुलिस का कहना है कि आकाश को पत्नी के नौकरी पर जाने और उसके चरित्र को लेकर शक रहता था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। आरोपी के शराब और अन्य नशे का आदी होने की भी जानकारी सामने आई है।
गुस्से में चाकू से कर दिए कई वार
पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के हुए विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में सुचिता गंभीर रूप से घायल हो गई और कमरे में ही खून से लथपथ गिर पड़ी।
वारदात के बाद आकाश घायल पत्नी को ऑटो से शताब्दी अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके तुरंत बाद आरोपी अस्पताल से चुपचाप फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद दंपति का चार वर्षीय बच्चा भी माता-पिता के साये से वंचित हो गया है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



