
इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
बीमार प्रेमिका को बहन के घर छोड़ने के बहाने प्रेमी अपने मामा के साथ कमालगंज के महमदगंज मड़ैयन घाट पुल पर ले गया। वहां दोनों ने अंगोछे से महिला का गला कस दिया। महिला के बेहोश होने पर उसे मरा समझकर गंगा में फेंक दिया।
हालांकि, महिला की सांसें चलती रहीं और वह किसी तरह नदी से निकलकर पुल पर पहुंच गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे अर्धमूर्छित हालत में देखा तो यूपी 112 को सूचना दी। पुलिस ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
महिला को सीएचसी में कराया भर्ती
थाना कमालगंज क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे नदी से निकल कर 25 वर्षीय महिला सुमन गीले कपड़ों में महमदगंज मड़ैयन घाट पुल पर पहुंची। वहां मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सीएचसी ले गई।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में उसकी शादी मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नीबकरोरी गांव में हुई थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले पति से विवाद होने पर वह पति को छोड़कर कंपिल क्षेत्र के अकराबाद निवासी प्रेमी अजीत के साथ पांचालघाट क्षेत्र में किराये के मकान में रहने लगी। वह पिछले करीब 15 दिनों से बीमार चल रही थी।
उसने आरोप लगाया कि बुधवार शाम करीब सात बजे प्रेमी अजीत उसे अपनी बहन के घर छोड़ने का बहाना बनाकर बाइक से अपने मामा के साथ महमदगंज मड़ैयन घाट पुल पर ले गया। वहां पर दोनों ने अंगोछे से उसका गला कस दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
मरा समझ कर उसे गंगा में फेंक दिया। होश आने पर वह किसी तरह से बाहर निकल कर पुल पर पहुंची। महिला चार माह की गर्भवती बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



