
ओडिशा के कटक जिले के निश्चिंतकोइली इलाके में मंगलवार रात एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि भुवनेश्वर से केंद्रापड़ा जा रही महिला और उसके पुरुष मित्र को सुकड़ापड़ा गांव के पास कटक-चांदबली सड़क पर कुछ लोगों ने रोक लिया. इसके बाद महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, महिला अपने पुरुष मित्र के साथ यात्रा कर रही थी. इसी दौरान दोनों सुकड़ापड़ा गांव के पास रुके थे. आरोप है कि तभी करीब चार से छह लोगों का एक समूह वहां पहुंचा और दोनों को रोक लिया.
पहले किया प्रताड़ित, फिर बंधक बनाकर…
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पहले महिला के पुरुष मित्र के साथ कथित तौर पर मारपीट की. इसके बाद महिला को कथित तौर पर जबरन अपने कब्जे में लेकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस नंबर 305/26 दर्ज किया है. पुलिस अब मामले की जांच के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है.
मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटक ग्रामीण एसपी विनीत अग्रवाल ने जांच की जिम्मेदारी डीएसपी रैंक के अधिकारी को सौंपी है. इसके अलावा आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. एसपी विनीत अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जानकारी में चार से छह लोगों के घटना में शामिल होने की बात सामने आई है. उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं और मामले की गहन जांच के लिए डीएसपी रैंक के अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है.
आरोपियो की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े सुराग जुटाने के साथ घटना के पूरे क्रम की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कौन-कौन है और वारदात के बाद वे किस दिशा में फरार हुए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी कथित आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है और उनकी तलाश जारी है. मामले की जांच जारी है.



