
महाराजपुर स्थित ITBP की 32वीं वाहिनी में तैनात एक जवान पर हमीरपुर निवासी 22 वर्षीय युवती ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब तीन साल तक शारीरिक शोषण करने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महाराजपुर पुलिस ने जवान के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान नर्वल मोड़ के पास स्थित होटल में आरोपित और युवती के ठहरने के साक्ष्य मिले हैं।
नर्वल क्षेत्र के पाली गांव निवासी करीब 30 वर्षीय अमित सिंह ITBP की 32वीं वाहिनी में सिपाही के पद पर तैनात है। पीड़िता के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पहले प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर उसकी मुलाकात अमित से हुई थी। दोनों ने मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया और इसके बाद बातचीत व मुलाकातें बढ़ती गईं। युवती का आरोप है कि अमित ने उसे ITBP या पुलिस में सिपाही की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसी बहाने उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान अमित ने उसे नर्वल मोड़ के पास स्थित एक होटल में दो बार बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पिछले दिनों जब उसने नौकरी लगवाने को लेकर अमित से बात की तो वह कथित तौर पर भड़क गया और उसे धमकाने लगा। इसके बाद युवती ने महाराजपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने होटल पहुंचकर जांच की तो वहां दोनों के ठहरने के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। होटल से आधार कार्ड संबंधी विवरण भी पुलिस को मिले हैं। मंगलवार को पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी सरसौल भेजा, लेकिन महिला चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण मेडिकल नहीं हो सका। बुधवार को मेडिकल कराने की तैयारी है।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि ITBP जवान के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पति को निर्दोष बताकर थाने पहुंची सिपाही पत्नी
आरोपित जवान की पत्नी सीतापुर में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात है। पति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह मंगलवार को महाराजपुर थाने पहुंची। उसने पुलिस के सामने पति को निर्दोष बताते हुए कार्रवाई न करने की गुहार लगाई। पुलिस ने उसे निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।



