CrimeIndia

अंबाला में NH-44 बना अखाड़ा: 6 घंटे जाम के बाद चले लाठी-डंडे और आंसू गैस, DSP समेत 7 पुलिसकर्मी लहूलुहान

Ambala Police Lathicharge: हरियाणा के अंबाला कैंट में नेशनल हाईवे44 पर देर रात स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई. सिख समुदाय के प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए 6 घंटे लंबे जाम को हटाने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने अचानक हमला और पथराव कर दिया. इस हिंसक हमले में एक डीएसपी समेत करीब 6 से 7 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और हाईवे खाली कराने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. घटना के बाद हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल खुद अंबाला पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की.

जानकारी के मुताबिक, सिख समुदाय के सदस्य अंतरराष्ट्रीय एंटीखालिस्तानी टेररिस्ट फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड की गिरफ्तारी की मांग को लेकर NH44 पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन के चलते हाईवे पर करीब 6 घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही. जब पुलिस टीम हाईवे को सुचारू कराने पहुंची, तो भीड़ में मौजूद हथियारबंद बदमाशों और उपद्रवियों ने हमला बोल दिया और पत्थरों से पुलिस पर वार शुरू कर दिया.

DSP समेत कई जवान घायल, अस्पताल में भर्ती

उपद्रवियों के हमले में घायल हुए जवानों में, डीएसपी वीरेंद्र शर्मा , सिपाही रक्षित और नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सहायक उप निरीक्षक सतीश और पंकज शामिल हैं. तमाम घायलों को तुरंत अंबाला कैंट के मिलिट्री अस्पताल और नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया.

DGP अजय सिंघल ने जाना हालचाल, दिया कड़ा संदेश

घटना के बाद हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने अंबाला कैंट के मिलिट्री हॉस्पिटल और सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया. इस दौरान उनके साथ आईजी पंकज नैन, उपायुक्त सचिन गुप्ता और एसडीएम कनिका गोयल भी मौजूद रहे.

डीजीपी ने डॉक्टरों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और कहा हरियाणा पुलिस अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़ी है. कानूनव्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. आमजन से अपील है कि वे अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखें, कानून अपने हाथ में न लें और हाईवे बाधित करने से बचें.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply