
कानपुर। गोस्वामी तुलसीदास की जयंती के अवसर पर बुधवार को मोतीझील स्थित तुलसी उपवन भक्ति, संगीत और साहित्य के रंग में सराबोर नजर आया। मानस संगम की ओर से आयोजित संगीत अर्चना एवं काव्यांजलि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 7:30 बजे भजनसंगीत की प्रस्तुतियों के साथ हुई। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्रा और पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा शामिल हुए।
सुबह करीब 8:30 बजे दयाशंकर मिश्रा तुलसी उपवन पहुंचे। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद करीब 9:15 बजे राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा कार्यक्रम में पहुंचे और उन्होंने भी तुलसीदास की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। आयोजकों की ओर से दोनों अतिथियों को गोस्वामी तुलसीदास का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
भजनसंगीत और काव्यांजलि से याद किए गए तुलसीदास
कार्यक्रम में भजन और संगीत की प्रस्तुतियों के साथ गोस्वामी तुलसीदास के साहित्यिक योगदान और रामचरितमानस के महत्व पर चर्चा हुई। काव्यांजलि के माध्यम से तुलसीदास की रचनाओं और उनके साहित्यिक योगदान को याद किया गया।
तुलसी जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भक्ति के साथ साहित्य और काव्य का भी सुंदर संगम देखने को मिला।
दिनेश शर्मा ने सपा के PDA पर साधा निशाना
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा भ्रम की स्थिति में है और इसी वजह से PDA में ‘पी’ के अर्थ को लेकर अलगअलग बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी इसे पीड़ित, कभी पिछड़ा और अब पंडित बताया जा रहा है।
दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया कि जिन पंडितों को सपा अपनी सभाओं और प्रेस कॉन्फ्रेंस से दूर करती थी, अब वही पार्टी उनके प्रति श्रद्धा की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा सिर्फ नाम लेने से नहीं, बल्कि क्रिया और कर्म से दिखाई देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सकारात्मक रुख के कारण विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं बच रहा है।
‘अभी तो सब रामलला के चरणों में जाएंगे’
अखिलेश यादव द्वारा केदारेश्वर मंदिर बनवाए जाने से जुड़े सवाल पर दिनेश शर्मा ने कहा, “अभी तो सब रामलला के चरणों में जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि जो लोग पहले पूजा और भगवान को मानने से इनकार करते थे, वही अब मंदिरों की बात कर रहे हैं। दिनेश शर्मा ने कहा कि इटावा का मंदिर भी बनेगा और पूरा परिवार रामलला के दर्शन के लिए आएगा।
GenZ और GenAlpha को लेकर भी दिया जवाब
GenZ और GenAlpha के पीछे कौन है, इस सवाल पर दिनेश शर्मा ने कहा कि इसके पीछे कौन है, यह पता नहीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीछे राष्ट्रवादी लोग हैं।
कुल मिलाकर तुलसी जयंती के अवसर पर तुलसी उपवन में आयोजित कार्यक्रम में भक्ति, संगीत, साहित्य और काव्य का संगम देखने को मिला। वहीं कार्यक्रम के दौरान दिनेश शर्मा की सपा पर की गई राजनीतिक टिप्पणियों ने आयोजन को राजनीतिक चर्चा का विषय भी बना दिया।
ः



