TrendingUttar Pradesh

Lakhimpur Kheri News: जौराहा नदी में किसान को खींच ले गया मगरमच्छ! बेटे के सामने किया हमला, तलाश जारी

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: उत्तर खीरी नार्थ डिवीजन की बेलरायां रेंज के तहत मांझा गांव के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भैंसों को पानी पिलाने जौराहा नदी पहुंचे 54 वर्षीय किसान रमेश सिंह पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ किसान को नदी में खींच ले गया और देखते ही देखते पानी में गायब हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

भैंसों को पानी पिलाने गए थे किसान

मांझा फार्म निवासी रमेश सिंह बुधवार सुबह अपनी भैंसों को पानी पिलाने जौराहा नाला नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान पानी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। मगरमच्छ किसान को पकड़कर नदी की ओर खींच ले गया। उनके साथ गया बेटा यह पूरा घटनाक्रम अपनी आंखों के सामने देखता रह गया। बेटे ने पिता को बचाने के लिए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक मगरमच्छ रमेश सिंह को पानी के भीतर ले जा चुका था। कुछ ही देर में वह नदी में दिखाई देना बंद हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

वन विभाग और पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

सूचना पर बेलरायां नार्थ डिवीजन के रेंजर भूपेंद्र चौधरी वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सिंगाही प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। वन विभाग और पुलिस ने नदी किनारे किसान की तलाश शुरू करा दी है। नदी में भी तलाश अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में मगरमच्छ को लेकर भय का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। किसान की तलाश जारी है और अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान चलाया जा रहा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply