CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

Facebook पर एड देख लिया 15 हजार का लोन, सायबर ठगों ने अश्लील फोटो बनाकर किया ब्लेकमेल, वसूले 1.10 लाख रुपये

Featured Image

एमपी के ग्वालियर में एक युवक को सोशल मीडिया पर दिखा 15 हजार रुपये के लोन का विज्ञापन भारी पड़ गया. शुरुआत में उसने छोटे-छोटे ऑनलाइन लोन लिए और समय पर उनकी रकम भी चुका दी, लेकिन इसके बाद साइबर ठगों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया. ठगों ने युवक के मोबाइल का डेटा और संपर्क सूची हासिल कर उसकी फोटो एडिट कर अश्लील तस्वीरें बना दीं. बदनामी का डर दिखाकर आरोपियों ने युवक को लगातार ब्लैकमेल किया और उससे 1.10 लाख रुपये वसूल लिए.

फेसबुक पर दिखे विज्ञापन से लिया लोन

थाटीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले पारस गुर्जर ने जुलाई 2026 में फेसबुक पर ऑनलाइन लोन देने वाली एक ऐप का विज्ञापन देखा था. विज्ञापन के जरिए उसने पहले 5 हजार रुपये और बाद में 10 हजार रुपये का लोन लिया. पारस के अनुसार उसने दोनों लोन की पूरी राशि समय पर चुका दी थी और उसे लगा कि मामला यहीं खत्म हो गया है.

किस्त चुकाने के बाद भी आने लगी मांग

लोन की रकम लौटाने के बावजूद ऐप से जुड़े लोग लगातार उससे किस्त और भुगतान की मांग करने लगे. जब पारस ने उन्हें बताया कि वह पूरा पैसा चुका चुका है, तब आरोपियों ने दबाव बनाना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे यह मामला केवल पैसे की मांग तक सीमित नहीं रहा और ठगों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.

मोबाइल डेटा और कॉन्टैक्ट लिस्ट का किया दुरुपयोग

पीड़ित का आरोप है कि ठगों ने उसके मोबाइल फोन से जुड़ी निजी जानकारी और कॉन्टैक्ट लिस्ट तक पहुंच बना ली. इसके बाद उन्होंने उसकी तस्वीरों को एडिट कर अश्लील फोटो तैयार कर लिए. आरोपियों ने ये तस्वीरें पारस को भेजीं और धमकी दी कि यदि वह पैसे नहीं देगा तो ये फोटो उसके रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों को भेज दिए जाएंगे.

बदनामी के डर से भेजता रहा पैसे

अश्लील तस्वीरें देखकर पारस घबरा गया. उसे डर था कि यदि ये फोटो उसके परिवार और जान-पहचान के लोगों तक पहुंच गए तो उसकी बदनामी हो जाएगी. इसी डर का फायदा उठाकर ठग उससे बार-बार पैसे मांगते रहे. आरोपियों के बताए गए ऑनलाइन खातों में उसने कई बार रकम ट्रांसफर की. इस तरह उससे कुल 1.10 लाख रुपये वसूल लिए.

मांग नहीं रुकी तो पहुंचा पुलिस के पास

इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी आरोपियों की मांग खत्म नहीं हुई. लगातार बढ़ते दबाव और ब्लैकमेल से परेशान होकर पारस ने थाटीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने शुरू की जांच

सीएसपी संदीप बांगड़े ने बताया कि पारस गुर्जर ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह फेसबुक के माध्यम से एक छोटी लोन फर्म से जुड़ा था और उसने ऑनलाइन लोन लिया था. कुछ समय तक उसने किस्तें भी जमा कीं, लेकिन बाद में संबंधित नंबरों से उसे अश्लील फोटो दिखाकर ब्लैकमेल किया जाने लगा और पैसों की मांग की जाने लगी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply