IndiaPunjabTrending

बारिश के बाद जलभराव को लेकर चंडीगढ़ में AAP का प्रदर्शन, मेयर से इस्तीफा मांगा

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ शहर में कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश के बाद जगहजगह जलभराव और सडक़ों की बदहाल स्थिति को लेकर नगर निगम की बैठक से पहले आम आदमी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। आप पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में कागज की नावें लेकर प्रदर्शन करते हुए मेयर के इस्तीफे की मांग की।

आप पार्षदों ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम के कार्यकाल में शहर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था लगातार बदहाल हुई है। उनका कहना था कि मानसून से पहले नालों और पाइपों की सफाई का काम शुरू किया गया था, लेकिन सफाई के दौरान निकले गार्बेज के उचित प्रबंधन पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते बारिश के दौरान कचरा दोबारा पाइपों और ड्रेनेज सिस्टम में चला गया, जिससे पानी की निकासी बाधित हुई।

पार्षदों ने कहा कि बारिश के बाद चंडीगढ़ की सडक़ों पर जिस तरह पानी जमा हुआ, उससे शहर की व्यवस्था की पोल खुल गई। कई सडक़ें पानी में डूब गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात ऐसे बन गए कि चंडीगढ़ गांव जैसा नजर आने लगा।
प्रदर्शन के दौरान नगर निगम कार्यालय की ओर बढ़ रहे आप कार्यकर्ताओं और पार्षदों को चंडीगढ़ पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। आप नेताओं ने कहा कि नगर निगम को शहर की जल निकासी व्यवस्था और सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने चाहिए।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply