
पाकिस्तान में मशहूर कंटेंट क्रिएटर आयशा गिलामाना की गोली मारकर हत्या, पैसों के विवाद का शक
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
पाकिस्तान के तक्षशिला में 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाली सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर शम्सो बीबी (आयशा गिलामाना) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पास तक्षशिला में 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाली 28 साल की कंटेंट क्रिएटर की दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने देश में महिलाओं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ बढ़ती हिंसा को एक बार फिर उजागर किया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, शम्सो बीबी (जिन्हें ऑनलाइन आयशा गिलामाना के नाम से भी जाना जाता था) की 14 अगस्त को कथित तौर पर पैसों के विवाद के कारण हत्या कर दी गई। उनके भाई नियामतुल्ला ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ से इस मामले में दखल देने और न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।
अपनी शिकायत में, उनके पिता फजल साहिबजादा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को काशिफ नाम के एक व्यक्ति ने तक्षशिला स्थित उनके घर के बाहर बुलाया था। इसके बाद वह अपनी बहन और भाई के साथ कार में घर से निकलीं।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, गाड़ी जब एक बाजार के पास से गुजरी, तो मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने कथित तौर पर उस पर गोली चलाई, जिससे बीबी की गर्दन में गोली लगी और उनकी मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के कथित वीडियो में मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को बीबी की कार रोकते और बहुत पास से उस पर गोली चलाते हुए देखा जा सकता है। बताया जाता है कि गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह एक डंपर से टकरा गई, जिससे बीबी की बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं।



