IndiaUttar Pradesh

दिवाली-छठ पर पूर्वांचलियों को बड़ा तोहफा… दिल्ली से यूपी-बिहार के 24+ शहरों के लिए चलेंगी लग्जरी वोल्वो बसें, मिलेगा कन्फर्म टिकट

Delhi To UPBihar Luxury Bus Service: त्यौहारों के सीजन में दिल्लीएनसीआर से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले लाखों प्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है. दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और कंफर्म टिकट की मारामारी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली परिवहन निगम जल्द ही यूपी और बिहार के कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी और स्थायी लग्जरी बस सेवा शुरू करने जा रही है.

दिल्ली सरकार की योजना के अनुसार, अक्टूबर महीने से इन बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है. इसके लिए दिल्ली, यूपी और बिहार राज्यों के बीच आधिकारिक अनुबंध किया जाएगा.

प्राइवेट ऑपरेटरों की मनमानी पर लगेगा अंकुश

वर्तमान में दिल्ली से यूपी, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल के लिए मुख्य रूप से प्राइवेट बस ऑपरेटर्स की सेवाएं उपलब्ध हैं. त्यौहारों के समय मांग बढ़ते ही ऐपआधारित बस ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंसियां मनमाना किराया वसूलती हैं और किराया 2 से 3 गुना तक बढ़ा देती हैं. सरकारी स्तर पर लग्जरी बसों का संचालन शुरू होने से न केवल यात्रियों को सस्ती और तय दर पर टिकट मिलेगी, बल्कि निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी पर भी अंकुश लगेगा.

लग्जरी वोल्वो बसों में आरामदायक होगा सफर

लंबी दूरी के सफर को सुगम बनाने के लिए दिल्ली सरकार अनुबंध के आधार पर लग्जरी वोल्वो बसें हायर करेगी. वोल्वो बसों के चलने से लंबे रूट के यात्रियों को थकान और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा. ये बसें मुख्य रूप से दिल्ली के कश्मीरी गेट और आनंद विहार ISBT से चलाई जा सकती हैं, ताकि यात्रियों को बस पकड़ने में आसानी हो.

यूपी और बिहार के इन शहरों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

DTC की ओर से रूटों का चयन इस तरह से किया गया है कि बिहार जाने वाली बसें रास्ते में यूपी के प्रमुख शहरों को भी कवर करते हुए निकलें.

उत्तर प्रदेश के शहर: लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, बरेली, मुरादाबाद, चंदौली, इटावा, फतेहपुर और देवरिया.

बिहार के शहर: पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बक्सर, आरा, गोपालगंज, चकिया, फॉरबिसगंज, मोहनिया और मुंगेर.

इस पहल से दिल्लीNCR में रहने वाले लाखों पूर्वांचली प्रवासियों को त्यौहारों के दौरान बिना किसी परेशानी के अपने घर पहुंचने का एक बेहतरीन विकल्प मिलेगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply