India

UP Japan Partnership: यूपी-जापान रिश्तों को नई उड़ान देने की तैयारी, लखनऊ में निवेश से शिक्षा तक बनेगा रोडमैप

UP Japan Partnership: उत्तर प्रदेश और जापान के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार का दिन अहम रहने वाला है। जापानी प्रतिनिधिमंडल अपनी यात्रा के तीसरे दिन लखनऊ में प्रदेश सरकार के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेगा। प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी शिष्टाचार भेंट करेगा। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली बैठकों में निवेश, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य, MSME और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। चार अलगअलग सेक्टोरल सत्रों के जरिए दोनों पक्ष मिलकर भविष्य की साझेदारी का रोडमैप तैयार करेंगे।

चार सेक्टोरल सत्रों में बनेगी सहयोग की योजना

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कृषि से लेकर MSME और हेल्थकेयर से लेकर उद्योग तक अलगअलग क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इन बैठकों का मकसद यूपी और जापान के बीच सहयोग के ऐसे क्षेत्रों की पहचान करना है, जिनसे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें। विधानसभा में विभिन्न समझौता ज्ञापनों के आदानप्रदान का भी प्रस्ताव है। कार्यक्रम के समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इसके अलावा जापानी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में मुख्यमंत्री आवास पर डिनर का आयोजन भी प्रस्तावित है।

जापानी विद्यार्थी अटल विद्यालयों का करेंगे दौरा

जापानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा में शिक्षा को भी खास जगह दी गई है। करीब 15 जापानी विद्यार्थी अटल विद्यालय का दौरा करेंगे और उत्तर प्रदेश की नई शिक्षा व्यवस्था को करीब से समझेंगे। वहीं, 15 महिला प्रतिनिधि महिला एवं बाल कल्याण विभाग के अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। वे उत्तर प्रदेश की 1090 महिला हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली को भी समझेंगी। इस दौरान महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

ग्रीन हाइड्रोजन पर हुआ समझौता

यूपी और जापान के बीच सहयोग की दिशा में एक अहम कदम गुरुवार को भी सामने आया। जापान के यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोतारो नागासाकी ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी के साथ ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना को लेकर MoU किया। इस साझेदारी के तहत ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में मिलकर काम करने की योजना है। इसके साथ ही भारतीय युवाओं के लिए जापान में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी सहयोग की बात सामने आई है। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:

ताजमहल देखकर जापानी मेहमान हुए प्रभावित

जापानी प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार भी किया। यामानाशी के गवर्नर कोतारो नागासाकी के नेतृत्व में पहुंचे मेहमानों का ब्रज की पारंपरिक संस्कृति के अनुसार मयूर नृत्य और रसिया की प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया गया।

ताजमहल की बारीक कारीगरी और खूबसूरती देखकर गवर्नर नागासाकी ने इसे सामने से देखने का अनुभव तस्वीरों से बिल्कुल अलग बताया। यामानाशी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष काजुहिको नाकामुरा ने भी यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। अब लखनऊ में होने वाली बैठकों के जरिए दोनों पक्ष निवेश, उद्योग, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस योजना तैयार करेंगे। 

ये भी पढ़ें:

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply