
डिजिटल डेस्क, अमृत विचार । यूपी राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार को हुए डबल मर्डर और सुसाइड मामले के बाद यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया में एक भावुक पोस्ट की है, इस पोस्ट में उन्होंने अपनी बहन दिव्या के साथ कथित घरेलू प्रताड़ना और घटना से जुड़े कई सवालों का जिक्र किया है। ता दें कि प्रज्ञा मिश्रा का जीजा मानस वाजपेयी जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में फील्ड ऑफिसर था, उसने अपनी पत्नी दिव्या जो ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थी, उनकी गुरुवार को गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मानस ने घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी और खुद भी आत्महत्या कर ली।
प्रज्ञा मिश्रा ने फेसबुक पर लिखा भावुक पोस्ट
अब इस पूरे घटनाक्रम पर दिव्या की बहन प्रज्ञा ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा है जिसमें उन्होंने परिवार की स्थिति, अपनी बहन दिव्या के साथ कथित घरेलू प्रताड़ना और घटना से जुड़े कई सवालों का जिक्र किया है। हालांकि, प्रज्ञा की ओर से किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रज्ञा मिश्रा ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अपनी मां को अब तक बहन दिव्या की मौत की जानकारी नहीं दी है। उन्होंने मां को यह कहकर सुलाया कि दिव्या की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि मां को सच बताना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है।
CCTV फुटेज को लेकर उठाए सवाल
प्रज्ञा मिश्रा ने दावा किया कि बैंक के सामने हुई वारदात का एक CCTV फुटेज मिला है, जिसमें बैंक कर्मचारियों की भीड़ भागती दिखाई दे रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि फुटेज में आरोपी वारदात करता नजर आ रहा है। उन्होंने आरोपी के पास तीन रिवॉल्वर होने को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि हथियार उसे कहां से मिले और किसने उपलब्ध कराए। साथ ही उन्होंने घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की आशंका जताई है। प्रज्ञा के अनुसार आरोपी कार नहीं चला पाता था, इसलिए वह ऑटो से वारदात वाली जगह पहुंचा और उसी से वापस गया। उन्होंने पुलिस से ऑटो चालक और संभावित अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच करने की मांग की है।
WhatsApp स्टेटस में प्रज्ञा का नाम लिखने का दावा
प्रज्ञा ने बताया कि आरोपी ने अपने स्टेटस में उनका नाम लिखते हुए दावा किया था कि उन्हें सब कुछ पता था। इस पर प्रज्ञा ने कहा कि उन्हें अपनी बहन के साथ आरोपी के कथित व्यवहार की जानकारी थी और इसी वजह से दिव्या उससे अलग होना चाहती थीं। प्रज्ञा ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि दिव्या को छोटीछोटी बातों पर पीटा जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि दिव्या ने उन्हें बताया था कि आरोपी और उसकी बहन ने उसकी बीमार मां के साथ भी मारपीट की थी।
तलाक के लिए चल रही थी कानूनी प्रक्रिया
प्रज्ञा के मुताबिक, दिव्या ने पति से अलग होने का फैसला कर लिया था और फैमिली कोर्ट में मामला चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि काउंसलिंग के दौरान भी आरोपी की काउंसलर से झड़प हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि मेरी बहन ने बताया था कि शादी की सुहागरात पर हत्यारे ने घर के खर्चों की एक लिस्ट बनाई थी और आधा खर्च उठाने की शर्त रखी थी, जिसे मेरी बहन ने सहर्ष स्वीकार किया था। प्रज्ञा के अनुसार, पिछले करीब एक साल से दिव्या ने अपने हिस्से का खर्च उठाना बंद कर दिया था।
दिव्या के हाथ पर था पति के नाम का टैटू
प्रज्ञा ने भावुक अंदाज में लिखा कि तमाम परेशानियों के बावजूद दिव्या ने तीज का व्रत रखने की तैयारी की थी और उसके हाथ पर पति मानस का टैटू भी मौजूद था। उनके मुताबिक, दिव्या भीतर से चाहती थीं कि हालात सुधरें और उनका पति बदल जाए।
हादसे के बाद भी लंगड़ाकर ऑफिस जाती थीं दिव्या
प्रज्ञा ने बताया कि आरोपी पहले भी दिव्या का पीछा कर चुका था। उनके मुताबिक, तनाव के कारण कुछ दिन पहले दिव्या का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनका हाथ और पैर टूट गया था। करीब डेढ़दो महीने बाद उन्होंने दोबारा ऑफिस जाना शुरू किया था और घटना वाले दिन भी वह लंगड़ाकर घर से निकली थीं। प्रज्ञा ने दावा किया कि मामले से जुड़े तीन CCTV फुटेज सामने आए हैं। इनमें एक फुटेज में दिव्या को घर से निकलते हुए और दूसरे में उन्हें आरोपी से संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है।
‘राजनीति तलाशने वालों’ पर भी साधा निशाना
प्रज्ञा मिश्रा ने अपनी पोस्ट में उन लोगों पर भी नाराजगी जताई, जो घटना में राजनीतिक कोण तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पत्रकारिता में कभी ऐसी पत्रकारिता नहीं की, जिसके कारण उन्हें नजरें नीची करनी पड़ें। उन्होंने लोगों से मतभेद रखने की अपील करते हुए मनभेद नहीं रखने की बात कही। प्रज्ञा ने पोस्ट के अंत में कहा कि इस समय बातें करने का नहीं, बल्कि सच्चाई सामने लाने का वक्त है। उन्होंने घटना से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य पहलुओं की जांच किए जाने की जरूरत पर जोर दिया।



