
कानपुर: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्रीन पार्क स्टेडियम में 28 अगस्त से यूपी टी20 लीग के दूसरे चरण की शुरुआत होने जा रही है। कानपुर में इस दौरान कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि प्लेऑफ और फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को होगा। खास बात यह है कि मैच देखने के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग आज से शुरू हो रही है और टिकट की शुरुआती कीमत महज 49 रुपये रखी गई है।
यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग हर सीजन के साथ नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है। इस बार पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन दो अलगअलग शहरों में किया जा रहा है। लीग का पहला चरण लखनऊ में और दूसरा चरण कानपुर में आयोजित होगा।
पब्लिक का जोश दिखा तो ग्रीन पार्क को मिलते रहेंगे बड़े मैच
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर के ग्रीन पार्क में दर्शकों की मौजूदगी इस आयोजन के लिए काफी अहम है। उन्होंने संकेत दिया कि अगर क्रिकेट प्रेमी बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचते हैं तो भविष्य में भी ग्रीन पार्क को मैचों की मेजबानी मिलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि यूपी टी20 लीग युवा क्रिकेटरों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दे रही है।
49 से टिकट, दर्शकों को मिलेगा लकी ड्रॉ का मौका
इस सीजन में दर्शकों के लिए टिकट की कीमत भी आकर्षक रखी गई है। टिकट सिर्फ 49 रुपये से शुरू होंगे। ऑनलाइन बुकिंग आज से की जा सकेगी।
इसके साथ ही इस बार दर्शकों के लिए लकी ड्रॉ भी रखा गया है, जिससे स्टेडियम में मैच देखने का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।
युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच
यूपी टी20 लीग में इस बार भी युवा क्रिकेटरों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने का मौका मिलेगा। ऐसे में कानपुर में होने वाले मुकाबले खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और क्रिकेट प्रशंसकों के लिए रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर होंगे।
ः



