
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश पर्यटन की ओर से ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत शनिवार को ‘द राइडिंग चैप्टर्स’ के दूसरे संस्करण की शुरुआत हुई। 80 बाइकर्स का दल लखनऊ के 1090 चौराहे से दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हुआ। यूपीएसटीडीसी के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार ने सुबह 8 बजे हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
सारनाथ से चुनार तक विरासत से होगा साक्षात्कार
बाइकर्स का दल सुलतानपुर और जौनपुर होते हुए सारनाथ पहुंचेगा। इसके बाद ऐतिहासिक चुनारगढ़ की ओर बढ़ेगा। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को पूर्वी उत्तर प्रदेश की बौद्ध विरासत, ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
गंगा किनारे चुनारगढ़ बनेगा खास पड़ाव
गंगा नदी के किनारे स्थित चुनारगढ़ इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण होगा। शेरशाह सूरी से लेकर मुगल और ब्रिटिश शासनकाल का साक्षी रहा यह किला अपनी विशाल पत्थर की दीवारों और सामरिक महत्व के लिए जाना जाता है। पर्यटन विभाग का उद्देश्य ऐसे ऐतिहासिक स्थलों को प्रमुख पर्यटन सर्किट से जोड़ना है।
काशी में आस्था, फिर झरनों का रोमांच
रात्रि विश्राम के बाद रविवार को बाइकर्स काशी आनंदम से रवाना होंगे। इसके बाद शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और गंगा आरती करेंगे। यात्रा का अगला पड़ाव देवदरी और राजदरी जलप्रपात होगा। मानसून में उफान पर रहने वाले इन झरनों के बीच बाइकर्स को प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर टूरिज्म का अनुभव मिलेगा।
अल्पज्ञात स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की पहल
यूपीएसटीडीसी के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षित यात्रा से प्रदेश के नए और अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हुई है। ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ के जरिए युवाओं को इतिहास, प्रकृति, संस्कृति और रोमांच से जुड़े स्थलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
‘द राइडिंग चैप्टर्स’ का पहला संस्करण लखनऊ से कालिंजर किले तक आयोजित किया गया था। इसकी सफलता के बाद दूसरे संस्करण में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को शामिल किया गया है। विभाग का लक्ष्य सड़क यात्राओं के माध्यम से ऐसे स्थलों को पर्यटन के प्रमुख मानचित्र पर स्थापित करना है।
ः



