
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले छात्रों को चुनावी प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता से परिचित कराने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को लखनऊ में यह जानकारी दी।
दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे ज्ञानेश कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश के विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को चुनाव की पूरी प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता समझाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘बीएलओ लोकतंत्र की नींव हैं’
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि उनका लखनऊ से पुराना संबंध है और वह उच्च शिक्षा के लिए यहां से गए थे। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद अपनी कर्मभूमि लखनऊ आए हैं और इस दौरान उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने के साथ ही बूथ स्तर के अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे।
उन्होंने बीएलओ को लोकतंत्र की नींव बताते हुए उनके साथ संवाद को महत्वपूर्ण बताया।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी साक्षरता पर जोर
उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसी को देखते हुए निर्वाचन आयोग की ओर से चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ हवाई अड्डे पर ज्ञानेश कुमार की अगवानी की।
कॉल्विन कॉलेज में छात्रों से संवाद करेंगे सीईसी
ज्ञानेश कुमार का कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ संवाद का कार्यक्रम है। इसी संस्थान से उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा प्राप्त की थी।
इसके बाद वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चुनावी साक्षरता क्लब 2.0 और निर्वाचन आयोग के डिजिटल मंच ECINet को लेकर आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
मंगलवार को सीईसी लखनऊ और आसपास के जिलों के करीब 500 बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।
क्या है ELC 2.0?
‘व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचक सहभागिता’ पहल के तहत वर्ष 2018 में शुरू किए गए चुनावी साक्षरता क्लब कार्यक्रम को अब ELC 2.0 के रूप में नया स्वरूप दिया जा रहा है।
इसका उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चुनावी साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों को पूरे वर्ष सक्रिय, अनुभवआधारित और डिजिटल माध्यमों से संचालित करना है।
ELC 2.0 और ECINet पर क्षेत्रीय सम्मेलन आगे मेरठ और वाराणसी में भी आयोजित किए जाएंगे।


