TrendingUttar Pradesh

Hardoi Crime News: कछौना में लूट की दो वारदातों से हड़कंप, कहीं मंगलसूत्र तो कहीं 17 हजार रुपये लूटे

कछौना : कछौना कोतवाली क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर लूट की दो अलगअलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक मामले में बाइक सवार बदमाश महिला का मंगलसूत्र खींचकर फरार हो गया, जबकि दूसरे मामले में दो अज्ञात लोगों ने वाहन रोककर युवक से 17 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना में वाहन रोककर 17 हजार रुपये छीने

ग्राम मसूढ़ा निवासी अंकुर सिंह ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त की रात करीब 9:20 बजे वह ज्ञान धारा पशु आहार फैक्ट्री से घर लौट रहा था। छनोइयामिर्जानपुर के बीच सड़क पर दो अज्ञात लोगों ने उसके वाहन के सामने आकर डंडे से वार करते हुए उसे रोकने का प्रयास किया। वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। आरोप है कि इसके बाद एक व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़ा और दूसरे ने जेब से 17 हजार रुपये निकाल लिए। उसका मोबाइल भी छीनकर बाद में वहीं फेंक दिया गया। पीछे से वाहन की लाइट दिखाई देने पर दोनों आरोपी झाड़ियों और खेतों की ओर भाग गए।

दूसरी घटना में महिला से मंगलसूत्र लूटा

ग्राम त्योरी निवासी सोनी सिंह के मुताबिक, वह 24 अगस्त को दोपहर करीब 12:35 बजे ब्लॉक कछौना से अपने घर जा रही थीं। तभी त्यौरी व बनियनखेड़ा मार्ग पर गंगाराम की पिपरमिंट की टंकी के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें रोककर जानमाल की धमकी दी और गले से मंगलसूत्र खींचकर फरार हो गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाइक सवार की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

दोनों मामलों में कछौना पुलिस ने धारा 309 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply