
लखनऊ, अमृत विचार। UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोरदार सक्रिय है। पूर्वी यूपी के कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश हुई है। आजमगढ़ में बारिश ने सबसे ज्यादा जोर दिखाया, जहां सदर क्षेत्र में 180 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहींकहीं भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि पश्चिमी यूपी में कहींकहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। हालांकि 28 अगस्त से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है।
आजमगढ़ में 180 मिमी बारिश, वाराणसीसोनभद्र भी तरबतर
मौसम केंद्र लखनऊ के 25 अगस्त के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश या गरजचमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में आजमगढ़ सदर में 180 मिमी और आजमगढ़ में 140.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। वाराणसी के राजघाट में 128 मिमी, वाराणसी एयरपोर्ट पर 119.8 मिमी, सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 120 मिमी और बस्ती में 117 मिमी बारिश हुई। अंबेडकरनगर के जलालपुर में 114.4 मिमी, सोनभद्र के चोपन में 112.2 मिमी, सुलतानपुर में 107.8 मिमी, चंदौली में 91 मिमी और मिर्जापुर तहसील में 85 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
लखनऊ समेत कई जिलों में बरसे बादल
राजधानी लखनऊ में भी बारिश हुई। अलगअलग केंद्रों पर 26.2 और 6.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रयागराज के फाफामऊ में 28.7 मिमी, हैंडिया में 25 मिमी और प्रयागराज सदर में 19 मिमी बारिश हुई। रायबरेली में 43 मिमी और फतेहगढ़ में 45.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। श्रावस्ती के भिनगा में 79 मिमी, प्रतापगढ़ के कुंडा में 78 मिमी और सोनभद्र के चुर्क में 75.6 मिमी बारिश हुई।
पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में भी अच्छी बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिला। बिजनौर के धामपुर में 70 मिमी, बागपत के खेकड़ा में 57 मिमी, बरेली में 44.2 मिमी और शाहजहांपुर के पवायां में 40.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। झांसी में 37 मिमी, जबकि फिरोजाबाद के जसारना और शिकोहाबाद में 3636 मिमी बारिश हुई। बुंदेलखंड में चरखारी में 28 मिमी, हमीरपुर में 27 मिमी, मौदहा में 26 मिमी, महोबा में पांच मिमी और कुलपहाड़ में 10.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
2627 अगस्त को भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त को पूर्वी यूपी में अनेक स्थानों और पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश या गरजचमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दोनों अंचलों में कहींकहीं भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। 27 अगस्त को पश्चिमी यूपी में कुछ और पूर्वी यूपी में अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहींकहीं भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।
28 अगस्त से कमजोर पड़ेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक 28 अगस्त से बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर पड़ सकती हैं। 28 से 31 अगस्त के बीच कहींकहीं बारिश या गरजचमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, लेकिन इस अवधि के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। लगातार बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि आजमगढ़, वाराणसी, सोनभद्र, बस्ती, अंबेडकरनगर और सुलतानपुर जैसे जिलों में कम समय में हुई भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।



