
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मंगलवार को दरियाबाद के गोकुला चौराहे पर स्थित जेएमडी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का फीता काटकर शुभारंभ किया। अस्पताल के एमडी डॉ. हिमांशु वर्मा ने बुके भेंट कर राज्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि जेएमडी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के शुरू होने से दरियाबाद और आसपास के क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिससे लोगों को इलाज के लिए बाराबंकी शहर अथवा अन्य स्थानों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भी उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर इलाज कराने में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं और सरकार का उद्देश्य मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है।
साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। राज्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। ऐसे परिवार इस योजना का लाभ उठाकर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं। अस्पताल के एमडी डॉ. हिमांशु वर्मा ने कहा कि जेएमडी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्देश्य क्षेत्र की जनता को सस्ता, सुलभ और बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।
उन्होंने लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान विराट कवि सम्मेलन भी आयोजित हुआ। जिसमें ओज कवि ओपी वर्मा ‘ओम’, डा. अम्बरीष अम्बर ‘ओज’, जगन्नाथ दीक्षित ‘निर्दोष’, अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’, चैतराम अज्ञानी और प्रदीप महाजन ने अपनी रचनाएं सुनाकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन, एमएलसी अंगद सिंह, डॉ. आरएन वर्मा, डॉ. सतीश चंद्रा, डायरेक्टर अशोक वर्मा, मनोज यादव, सलमान खान, ईएमओ डॉ. सर्वेश यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
ः



