CrimeIndiaUttar Pradesh

​​​​​​ ​जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे अंकित बालियान, हत्या के पीछे चुनावी रंजिश का एंगल भी खंगाल रही पुलिस.‌‌‌‌‌​​​​​​​​​​

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे चुनावी रंजिश, पुराना विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान बाबरी क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन से जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उनके समर्थकों और परिवार की ओर से इलाके में बैनर-पोस्टर भी लगाए गए थे। चुनाव की तैयारियों के चलते उनका गांव और आसपास के इलाकों में लगातार आना-जाना हो रहा था।

बुधवार शाम अंकित जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान नाला पटरी मार्ग पर बाइक सवार चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अंकित का कुछ लोगों से विवाद भी हो सकता था। गांव के एक हिस्ट्रीशीटर से विवाद की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि ग्रामीणों ने ऐसी किसी रंजिश की जानकारी होने से इनकार किया है। इसके अलावा करीब चार-पांच महीने पहले हरियाणा में हुए कथित विवाद को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीमों को कुछ अहम सुराग मिलने की बात भी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही हैं।

एएसपी सुमित शुक्ला के अनुसार, पुलिस हत्या के हर संभावित एंगल पर जांच कर रही है। चुनावी रंजिश के साथ पुराने विवाद और अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का राजफाश किया जाएगा।

फिलहाल अंकित बालियान की हत्या को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply