
हरियाणा के भिवानी में एक युवती से बातचीत करना 25 वर्षीय रविंद्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर चल रही रंजिश में 15-16 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के स्वजन की शिकायत पर कई नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। सिटी स्टेशन के पास रात करीब तीन बजे रविंद्र को युवकों के एक समूह ने घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया। रविंद्र को बचाने के लिए उसके साथी अजय और अनिल आगे आए, लेकिन हमलावरों ने उन दोनों को भी नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की।
हमले में तीनों घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोनों साथियों का इलाज किया गया।
युवती से बातचीत को लेकर चल रही थी रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविंद्र एक युवती से बातचीत करता था। बताया जा रहा है कि युवती के भाइयों को इस बारे में जानकारी थी और उन्होंने पहले भी रविंद्र को उससे बातचीत बंद करने के लिए कहा था।
इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस को आशंका है कि इसी बात को लेकर रंजिश बढ़ी और मंगलवार रात रविंद्र पर हमला कर दिया गया। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
बचाने पहुंचे दोस्तों पर भी हमला
रविंद्र के साथी अजय और अनिल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उसे बचाने की कोशिश की थी। इसी दौरान आरोपितों ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस हमले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।
15-16 नामजद आरोपितों पर केस
डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली और मृतक के स्वजन से भी बातचीत की।
सदर थाना प्रभारी महावीर सिंह के अनुसार, मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर 15-16 नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रविंद्र मूल रूप से हांसी जिले के गांव बास का रहने वाला था और फिलहाल भिवानी के रेलवे लाइनपार क्षेत्र में रह रहा था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।



