TrendingUttar Pradesh

Raksha Bandhan : Lucknow की महापौर ने सैनिकों की कलाई पर बांधी राखी, कहा- देश की रक्षा करने वालों के साथ पूरा लखनऊ

लखनऊ, अमृत विचार। रक्षाबंधन के पर्व पर लखनऊ में सेना और नागरिकों के बीच आत्मीय रिश्ते की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने मेजर जनरल मनीष कुकरेती, जीओसी मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया को राखी बांधकर सैनिकों के प्रति शहर का स्नेह, सम्मान और विश्वास जताया।

सामाजिक संगठनों की महिलाओं ने भी बांधी राखी

महापौर के साथ लखनऊ के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। महिलाओं ने सेना के अधिकारियों और जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर राष्ट्र और नागरिकों की सुरक्षा के लिए उनकी निस्वार्थ सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूरे परिसर में आत्मीयता और अपनत्व का माहौल रहा।

राखी में दिखा सेनासामाज का अटूट रिश्ता

रक्षाबंधन पर महापौर का मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया मुख्यालय पहुंचकर सैनिकों को राखी बांधना लखनऊ और सैन्य परिवार के बीच लंबे समय से चले आ रहे जुड़ाव की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति रहा। राखी के धागे में बहनों का स्नेह और विश्वास तो था ही, साथ ही देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति समाज के सम्मान और भरोसे का भाव भी नजर आया।

सैनिकों की सेवा को किया सलाम

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने सैनिकों से संवाद किया और उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया। सैनिकों ने भी महिलाओं के स्नेह और शुभकामनाओं को आत्मीयता से स्वीकार किया। इस मुलाकात ने सेना और आम नागरिकों के बीच विश्वास और सम्मान के रिश्ते को और मजबूत किया।

रक्षाबंधन पर दिया एकता और विश्वास का संदेश

कार्यक्रम ने रक्षाबंधन की भावना को परिवार की सीमाओं से आगे बढ़ाकर सैनिकों और समाज के बीच मजबूत रिश्ते के रूप में पेश किया। सैनिकों की कलाई पर बंधा हर रक्षा सूत्र लखनऊवासियों के स्नेह, सम्मान और भारतीय सेना के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक बना।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply