
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई रफ्तार देने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ‘उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन’ के पोर्टल का शुभारंभ किया और ‘उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति2026’ की पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान 107 स्टार्टअप को 3.42 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि और नौ इनक्यूबेटरों को 1.79 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
120 से बढ़कर 24 हजार पार हुए स्टार्टअप
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप इकाइयों की संख्या वर्ष 2017 से पहले के करीब 120 से बढ़कर अब 24 हजार से अधिक हो गई है। इनमें आठ स्टार्टअप यूनिकॉर्न बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहा स्टार्टअप इकोसिस्टम अब उत्तर प्रदेश के प्रति देश और दुनिया की धारणा बदलने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
107 स्टार्टअप को मिला 3.42 करोड़ से अधिक का प्रोत्साहन
कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप नीति के तहत 107 स्टार्टअप को 3.42 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। वहीं, नौ इनक्यूबेटरों को 1.79 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। नए इनक्यूबेटरों को मान्यता प्रमाणपत्र और विभिन्न स्टार्टअप को प्रोत्साहन प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। इनक्यूबेटर ऐसे केंद्र होते हैं, जहां स्टार्टअप को कारोबार बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं।
भारत में 2.5 लाख से ज्यादा स्टार्टअप
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत में करीब 500 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 2.5 लाख से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य स्तर पर अनुकूल नीतियों, निवेश और इनक्यूबेशन सुविधाओं ने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2092891167075758316
‘आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम की एक खास उपलब्धि यह है कि लगभग आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
IIT और विश्वविद्यालयों को भी जोड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने आईआईटी कानपुर, आईआईटीबीएचयू और ट्रिपल आईटी जैसे संस्थानों के प्रस्तावों का समर्थन किया है। नए स्टार्टअप के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन दिए गए हैं। वहीं, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालयों के लिए अलग फंड की व्यवस्था की गई है।
युवाओं को अवसर देना सरकार की प्राथमिकता
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में युवा और प्रतिभाशाली श्रम शक्ति की कमी नहीं है। सरकार की भूमिका युवाओं को उनके विचारों और प्रतिभा को कारोबार में बदलने के लिए अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप और इनक्यूबेशन एकदूसरे से जुड़े हुए हैं और इनके लिए विश्वास, सरकारी प्रतिबद्धता तथा बेहतर नीतियों पर आधारित मजबूत इकोसिस्टम जरूरी है।


