
गोसाईगंज/लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के माढ़रमऊ स्थित गीता विहार कॉलोनी में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नगर निगम जोन8 के अंतर्गत आने वाली कॉलोनी में बारिश होते ही सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं और कई घरों में पानी घुस जाता है। लगातार जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों ने अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समस्या का स्थायी समाधान कराने की गुहार लगाई है।
छह महीने पहले शुरू हुआ नाले का निर्माण, अब तक अधूरा
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब छह महीने पहले कॉलोनी में जल निकासी के लिए नाले का निर्माण शुरू कराया गया था। कुछ काम होने के बाद निर्माण एजेंसी ने इसे अधूरा छोड़ दिया। सबसे बड़ी समस्या यह है कि नाले को मुख्य नाले से जोड़ा ही नहीं गया, जिससे पानी की निकासी का कोई प्रभावी रास्ता नहीं बन सका।
बारिश में घुटनों तक भर जाता है पानी
कॉलोनीवासियों के मुताबिक थोड़ी सी बारिश होते ही सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाता है। जलभराव का असर घरों तक पहुंचने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, बीमारी का डर
लंबे समय तक पानी जमा रहने से कॉलोनी में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
मुख्य नाले से जोड़ने की मांग
कॉलोनी के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि अधूरे नाले का निर्माण पूरा कराकर उसे जल्द से जल्द मुख्य नाले से जोड़ा जाए, ताकि बारिश के पानी की निकासी हो सके और गीता विहार कॉलोनी को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।



