
हरदोई, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का फायदा उठाने के लिए उमड़ी भीड़ के बीच टप्पेबाज भी सक्रिय हो गए। हरदोई रोडवेज बस अड्डे से लखनऊ जा रही बस में सवार दो महिलाओं की सोने की चेन चोरी होने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस की एकएक सवारी को नीचे उतारकर तलाशी ली, लेकिन चेन बरामद नहीं हो सकी।
बस में सवार होते ही गायब हुई चेन
कोतवाली देहात क्षेत्र के मिरगावां निवासी मनोज सिंह अपनी पत्नी मनोरमा को रक्षाबंधन पर मलिहाबाद के माल स्थित उनके भाई पप्पू के घर जाने के लिए हरदोई रोडवेज बस अड्डे पर छोड़ने पहुंचे थे। मनोरमा हरदोई डिपो की बस संख्या यूपी78/केटी/4526 में सवार हुईं। बस में पहले से मौजूद एक महिला ने अपनी चेन गायब होने की बात कही। यह सुनकर मनोरमा ने भी अनहोनी की आशंका में अपने गले पर हाथ लगाया तो उनकी सोने की चेन भी गायब थी। इसके बाद बस में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने सभी यात्रियों की ली तलाशी
चेन चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस बस अड्डे पर पहुंची। पुलिस ने बस में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतारकर तलाशी ली। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से महिलाओं के साथ संदिग्ध यात्रियों और बच्चों की भी जांच की गई, लेकिन चोरी हुई चेन का कोई सुराग नहीं मिला। मनोरमा ने बताया कि उन्होंने पाईपाई जोड़कर सोने की चेन खरीदी थी। रक्षाबंधन पर भाई के घर जाते समय चेन चोरी होने से वह बेहद परेशान हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसएचओ कोतवाली शहर संजय त्यागी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। बस अड्डे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टप्पेबाजों की पहचान करने के लिए पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।


