बाबा बकाला पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य को ऐसे नेताओं की जरूरत नहीं है जो निजी हितों के लिए राजनीतिक समझौते करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को नशे, गैंगस्टरों और विफल व्यवस्था से बचाने के लिए है।

बाबा बकाला में कांग्रेस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को सार्वजनिक जीवन में महिलाओं और माताओं का सम्मान करना सीखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के गांवों और मोहल्लों में नशा खुलेआम बिक रहा है, जबकि सरकार विज्ञापनों और प्रचार के जरिए नशा विरोधी अभियान की सफलता का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल नारों और विज्ञापनों से नहीं, बल्कि राजनीतिक इच्छाशक्ति, जवाबदेही और जमीनी कार्रवाई से खत्म होगी। रंधावा ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आम नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि किसी कांग्रेस कार्यकर्ता या आम व्यक्ति के साथ अन्याय हुआ तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और संबंधित थाने का घेराव करेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन के कुछ हिस्सों पर गैंगस्टरों से कथित संबंधों के आरोपों पर भी मुख्यमंत्री से जवाब मांगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पंजाब के मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तथा संसद तक मजबूती से उठाती रहेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को चुनौती देते हुए रंधावा ने कहा कि वह पंजाब की धरती पर आकर स्पष्ट करें कि एसवाईएल नहर का पानी पंजाब का है और चंडीगढ़ पंजाब का है। उन्होंने कहा कि पंजाब अपने पानी, राजधानी और संवैधानिक अधिकारों से समझौता नहीं करेगा।
उन्होंने उन सिख बंदियों की रिहाई की भी मांग की, जिन्होंने अपनी निर्धारित सजा पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि 2019 में कुछ सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रधानमंत्री स्तर पर किये गये वादे के बावजूद 2026 में भी यह मुद्दा लंबित है। उन्होंने कानून के अनुसार सजा पूरी कर चुके सभी बंदियों को तत्काल रिहा करने की मांग की।
रक्षा बंधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल प्रतीकात्मक रस्म नहीं, बल्कि पंजाब की हर बहन और बेटी की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा की रक्षा का संकल्प होना चाहिए। रंधावा ने दावा किया कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में 80 से अधिक सीटें जीतकर पंजाब में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि बाबा बकाला का यह कार्यक्रम कांग्रेस के मजबूत राजनीतिक अभियान की शुरुआत साबित होगा और पंजाब की जनता बदलाव के लिए तैयार है।



