TrendingUttar Pradesh

साल के अंत तक साफ होगी गोमती! लखनऊ छावनी में 101 करोड़ की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष के अंत तक गोमती नदी को स्वच्छ बनाने में सफल होगी। गोमती की अविरलता और स्वच्छता के लिए सेना की मध्य कमान का पूरा सहयोग मिल रहा है। योगी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लखनऊ छावनी परिषद ‘आदर्श’ मॉडल के रूप में विकास और जनसुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। यहां एआई आधारित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और स्कूल में अभ्युदय कोचिंग की शुरुआत होगी।

मुख्यमंत्री योगी रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ लखनऊ छावनी को मॉडल छावनी के रूप में विकसित करने के लिए 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। योगी ने कहा कि करीब 20 वर्ष पहले लखनऊ में ट्रैफिक जाम, संकरी गलियों और गंदगी के कारण लोगों को परेशानी होती थी। अब शहर ने अपनी ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक स्मार्ट सिटी की पहचान बनाई है। सीएम ग्रिड की स्मार्ट रोड, किसान पथ और अन्य परियोजनाओं ने शहर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को नया स्वरूप दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने का काम हुआ है। लखनऊ में ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी से जुड़ी विरासत है तो दूसरी ओर ब्रह्मोस जैसी आधुनिक रक्षा तकनीक से जुड़े कार्य भी हो रहे हैं। चिकनकारी और खानपान की पहचान के साथ यूनेस्को की ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ की मान्यता ने शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने सुरक्षा और सुशासन की नई यात्रा तय की है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए छह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश में एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो और एयर कनेक्टिविटी का भी विस्तार हुआ है। 17 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट क्रियाशील हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, असीम अरुण, कपिलदेव अग्रवाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, संजय सेठ, मध्य कमान के जीओसीइनचीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, भारतीय रक्षा संपदा सेवा की महानिदेशक शोभा गुप्ता भी उपस्थित रहीं।

पांच मंजिल तक निर्माण की अनुमति: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि लखनऊ सहित छावनी क्षेत्रों में अब तीन के बजाय पांच मंजिल तक निर्माण की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र में ब्रिटिश काल से चले आ रहे कुछ बाजारों के नाम स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा से जुड़े व्यक्तित्वों के नाम पर किए गए हैं।यह बदलाव केवल इमारतों में नहीं, बल्कि पहचान में भी दिखाई देना चाहिए।

सैन्य बलों में यूपी की भूमिका महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्य बलों में यूपी हमेशा अग्रणी राज्यों में रहा है। देश में सैनिक स्कूलों की परंपरा की शुरुआत भी यूपी से हुई थी। प्रदेश में संचालित सैनिक स्कूल युवाओं को तैयार कर रहे हैं, जो वर्तमान के साथ भविष्य के भारत की सुरक्षा आवश्यकताओं में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सेना के अधिकारी और जवान 24 घंटे देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। पहले उनकी सुविधाओं के लिए फंड की कमी चुनौती बनती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और सैनिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply