
अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक बाढ़ आ गई. इस बाढ़ के बाद करीब 15 लोगों के लापता होने की खबर है. इस बाढ़ ने ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रैंच इलाके को प्रभावित किया. नेशनल पार्क सर्विस के मुताबिक, बाढ़ अपने साथ बड़े पत्थर, धातु के ढांचे और अन्य मलबा बहाकर कोलोराडो नदी में ले गई.
नेशनल पार्क सर्विस ने बताया कि वह प्रभावित इलाके से लोगों को निकालने और वहां मौजूद लोगों का पता लगाने के लिए एरिजोना के अधिकारियों के साथ काम कर रही है. एजेंसी ने लापता लोगों या इलाके में मौजूद पैदल यात्रियों के बारे में किसी भी जानकारी की अपील की है.
बाढ़ में बह गए कई पुल
शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे ब्राइट एंजेल क्रीक में अचानक बाढ़ शुरू हुई. यह नाला आगे जाकर कोलोराडो नदी में मिलता है. तेज बहाव ने नाले पर बने पैदल पुलों को बहा दिया और इलाके का स्वरूप काफी बदल गया. इलाके के वीडियो में नाले का तल पहले की तुलना में चौड़ा दिखाई दिख रहा है. इसके अलावा वहां नदी के तेज बहाव वाला एक नया हिस्सा भी बनता नजर आ रहा है.
यूटा स्टेट यूनिवर्सिटी में सेंटर फॉर कोलोराडो रिवर स्टडीज के निदेशक जैक श्मिट ने कहा, “यह याद दिलाता है कि ग्रैंड कैन्यन कितना गतिशील और सक्रिय भू-दृश्य है.”
एंजेल क्रीक में कैसे आई बाढ़?
बाढ़ में बची एरिका वियोला ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि शनिवार दोपहर बारिश शुरू होने के समय वह ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड में थीं। उनके साथ करीब 50 अन्य पैदल यात्रियों ने नाले का जलस्तर बढ़ते देखा. इसके बाद मलबा बहना शुरू हो गया, जिसमें एक इमारत का हिस्सा भी नजर आया. उन्होंने बताया कि समूह को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. इस वजह से उनका अभियान तय समय से दो दिन पहले ही खत्म हो गया.
फ्लैगस्टाफ में राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम विज्ञानी जस्टिन जॉन्ड्रो के मुताबिक, चट्टानी इलाके में करीब 30 मिनट के अंदर आधा इंच से एक इंच तक बारिश हुई. इस इलाके में जमीन काफी ऊंचाई से नीचे की ओर जाती है. जॉन्ड्रो ने कहा, “इसका ज्यादातर पानी तुरंत बह गया.”
उन्होंने बताया कि बाढ़ ग्रैंड कैन्यन के उत्तरी हिस्से में आई, जहां ब्राइट एंजेल क्रीक नॉर्थ रिम से नीचे उतरकर कोलोराडो नदी में मिलती है. इस दौरान करीब 6,000 फीट यानी 1,828 मीटर की ऊंचाई का अंतर आता है.
सुरक्षित निकाले गए 62 लोग
रविवार तक फैंटम रैंच से 62 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका था. फैंटम रैंच में ऐतिहासिक कैंटीन और रहने के लिए कमरे हैं. यह कोलोराडो नदी में राफ्टिंग करने वालों के लिए नदी में उतरने और बाहर निकलने की आम जगह भी है. नेशनल पार्क सर्विस ने बताया कि अन्य लोगों को भी वहां से निकालने की तैयारी थी. अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.



