जोमैटो ने अपने प्लेटफॉर्म पर लिस्टेड रेस्टोरेंट द्वारा ‘एनालॉग डिशेज’ की बिक्री पर जीरोटॉलरेंस पॉलिसी का ऐलान किया है. साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी लिस्टिंग को हटाने का अधिकार भी अपने पास सुरक्षित रखा है. जोमैटो ने सोमवार को एक बयान में कहा कि जिन रेस्टोरेंट पार्टनर ने अपनी डिशेज में ‘एनालॉग डेयरी’ होने की बात मानी है, उन्हें तुरंत प्रभाव से प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है. कंपनी ने कहा कि इस कदम का मकसद ज्यादा पारदर्शिता और खाने की बेहतर क्वालिटी सुनिश्चित करना है.

ये भी जांच करने को कहा
इस पॉलिसी के तहत, रेस्टोरेंट पार्टनर से तुरंत पॉजिटिव कदम उठाने को कहा गया है. इसमें नेचुरल डेयरी प्रोडक्ट्स अपनाना या अगर तुरंत बदलाव मुमकिन न हो, तो एनालॉग डेयरी वाली चीज़ों को अपने मेन्यू से हटाना शामिल है. रेस्टोरेंट से यह भी कहा गया है कि वे सप्लायर द्वारा दिए गए प्रोडक्ट लेबल और सामग्री की जानकारी की जांच करें ताकि इस्तेमाल हो रही सामग्री की पुष्टि हो सके और ज़ोमैटो पर लिस्टेड प्रोडक्ट्स की सही जानकारी दी जा सके. कंपनी ने कहा कि जो रेस्टोरेंट पार्टनर नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाएगा. यह पॉलिसी ज़ोमैटो के ग्राहकों के लिए हेल्दी खाने के ऑप्शंस और ज्यादा ट्रांसपेरेंसी पारदर्शिता पर केंद्रित व्यापक सोच का हिस्सा है, जो लागू नियमों के अनुरूप है.
ये है जोमैटो का मकसद
जोमैटो के CEO आदित्य मंगला ने कहा कि जोमैटो में हमारा मुख्य मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बेहतर खाना पहुंचाना है. इसका मतलब है ग्राहकों की सेहत की सुरक्षा करना और हमारे रेस्टोरेंट पार्टनर द्वारा लिस्ट और सर्व की जाने वाली चीजों के लिए स्पष्ट स्टैंडर्ड बनाए रखना. यह पॉलिसी उसी कमिटमेंट को दिखाती है, जिसे हम उन पार्टनर के साथ मिलकर पूरा कर रहे हैं जिनकी सोच भी ऐसी ही है.



