IndiaTrendingUttar Pradesh

दिल्ली के प्ले स्कूल में 3 साल के मासूम से दरिंदगी, कुर्सी से बांधकर पीटा और लातें मारीं, CCTV दिखाने के वसूले 1500 रुपए

नई दिल्ली : उत्तरपूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजपुर स्थित एक प्ले स्कूल में 3 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ हैवानियत का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल के भीतर बच्चे के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि अमानवीय बर्ताव भी हुआ। घर लौटने पर जब बच्चे की हालत बिगड़ी और मेडिकल जांच में कानों में गंभीर चोटें पाई गईं, तब इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय स्कूल अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है।

उल्टी, चक्कर और कानों में गंभीर सूजन से खुला राज
पीड़ित बच्चे के पिता नवनीत चौधरी के अनुसार, स्कूल से लौटने के बाद बच्चे को उल्टी और चक्कर आने लगे। साथ ही उसके चेहरे और हाथों पर चोट के निशान थे। डॉक्टर के पास ले जाने पर जांच में बच्चे के दोनों कानों की नलियों में गंभीर सूजन पाई गई, जिसके बाद डॉक्टर ने सीबीसी और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। परिजनों ने बताया कि इस खौफनाक घटना के बाद से मासूम बुरी तरह सहम गया, वह वॉशरूम जाने से डरने लगा और रात में बारबार रोकर जाग जाता था।

CCTV फुटेज के लिए वसूले 1500 रुपये, सामने आई क्रूरता
संदेह होने पर जब परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगी, तो पहले तकनीकी खामी का बहाना बनाकर टालमटोल किया गया। बाद में स्कूल प्रशासन ने कथित तौर पर फुटेज दिखाने की एवज में 1500 रुपये की मांग की। पैसे देने के बाद जब फुटेज खंगाली गई, तो उसमें बच्चे को कान पकड़कर घसीटते, कुर्सी से बांधकर घंटों बैठाए रखने, लात मारने और लगातार पीटने के दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए।

प्रिंसिपल और डायरेक्टर सहित 4 पर FIR, POCSO एक्ट में केस दर्ज
पिता की शिकायत पर जाफराबाद थाना पुलिस ने स्कूल की निदेशिका, प्रधानाचार्या, एक शिक्षिका और 35 वर्षीय अटेंडेंट के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शिक्षिका, डायरेक्टर और प्रिंसिपल की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। फॉरेंसिक व मेडिकल रिपोर्ट और फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply