
झारखंड के खूंटी जिले में एक बरसाती नाले से करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव की हालत देखकर पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को बुरी तरह कुचला गया होगा।
मामला खूंटी सदर थाना क्षेत्र के रेवा गांव का है। शनिवार रात करीब 9 बजे एकलव्य विद्यालय से लगभग 200 मीटर दूर स्थित बरसाती नाले में महिला का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
चरवाहों ने सबसे पहले देखा शव
बताया जा रहा है कि इलाके में मवेशी चरा रहे कुछ चरवाहों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने इसकी जानकारी एकलव्य विद्यालय के एक कर्मचारी को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के पहुंचने पर शव को बाहर निकाला गया। महिला के पास एक खाली बोरा भी मिला है। ग्रामीणों के मुताबिक, शव करीब दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। आशंका है कि महिला के शव को आसपास मौजूद किसी खंडहरनुमा जगह पर छिपाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बारिश के पानी के तेज बहाव के कारण शव नाले में आ गया।
चेहरे की हालत से गहराया हत्या का शक
महिला के चेहरे की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि उसकी पहचान छिपाने के इरादे से चेहरे को नुकसान पहुंचाया गया हो सकता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत कैसे हुई और उसके चेहरे को किस परिस्थिति में कुचला गया।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या किसी दूसरी जगह पर करने के बाद शव को रेवा गांव में लाकर फेंका गया या फिर वारदात को इसी इलाके में अंजाम दिया गया।
पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला की पहचान कराने के साथ-साथ उसकी मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हाल के दिनों में कोई महिला लापता तो नहीं हुई।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शीतगृह में सुरक्षित रख दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की पहचान होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
महिला का शव मिलने के बाद रेवा गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और शव की पहचान कराने की कोशिश लगातार जारी है।


