
मडराक थाना क्षेत्र के श्री राजेंद्र सिंह इंटरनेशनल काॅलेज में सोमवार सुबह एक माली की शव पेड़ से लटका मिला। गले में फंदा लगा हुआ था। परिवार के लोगों ने काॅलेज प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
भकरौला निवासी अंकित पुत्र रामचरण सिंह (27) पिछले करीब ढाई साल से काॅलेज में माली के पद पर काम कर रहा था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों को उसकी मौत की जानकारी मिली। सूचना पर परिवार के लोग काॅलेज पहुंचे। उन्होंने अंकित की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए मामले की जांच की मांग की।
अंकित के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह दो भाइयों और पांच बहनों में से एक था। परिवार में दो बहनें अभी अविवाहित हैं। सीओ इगलास कमलेश कुमार ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका हुआ था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



