CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

जींस-टीशर्ट पहनकर सड़क पर कटोरा लेकर बैठी थीं 9 लड़कियां, राहगीरों से मांग रहीं थीं पैसे; पुलिस ने पकड़ा तो खुला राज.

उत्तर प्रदेश में उस समय लोग हैरान रह गए, जब सड़क पर जींस-टीशर्ट पहने कुछ युवतियां कटोरा लेकर राहगीरों से पैसे मांगती नजर आईं। मामला संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

घटना बरेली के आंवला-बदायूं रोड पर मेडिकल कॉलेज के पास की बताई जा रही है। यहां करीब नौ युवतियां सड़क किनारे लोगों को रोककर आर्थिक मदद मांग रही थीं। बताया गया कि वे राहगीरों को अपनी परेशानी और घर की खराब आर्थिक स्थिति के बारे में बताकर मदद की अपील कर रही थीं। उनकी बातों से प्रभावित होकर कुछ लोगों ने उन्हें 100 से 200 रुपये तक दे दिए।

हालांकि, कुछ राहगीरों को युवतियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी युवतियों को थाने ले जाकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान पता चला कि सभी युवतियां गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली हैं। वे बरेली कैसे पहुंचीं और यहां इस तरह पैसे क्यों मांग रही थीं, इस संबंध में पुलिस को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं।

पुलिस के मुताबिक, युवतियां सड़क पर राहगीरों को रोककर भावनात्मक बातें बताती थीं और उनसे आर्थिक मदद मांगती थीं। मामले को देखते हुए पुलिस ने सभी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की और उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया।

कोर्ट से सभी युवतियों को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस ने जांच की है कि आखिर ये युवतियां बरेली क्यों आई थीं और सड़क पर इस तरह पैसे मांगने के पीछे उनकी वास्तविक वजह क्या थी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply