कपूरथला : भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान को समाज के उत्थान, आध्यात्मिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं निःस्वार्थ सेवाओं के लिए प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से यह सम्मान कपूरथला के उपायुक्त आकाश बंसल ने संस्थान के प्रतिनिधि स्वामी सज्जनानंद को प्रदान किया।

सम्मानपत्र में परम पूज्य श्री आशुतोष महाराज के मार्गदर्शन में संस्थान की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यों की सराहना की गई। संस्थान द्वारा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें सामाजिक जागरूकता अभियान, युवा एवं महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण तथा आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रचारप्रसार से जुड़े कार्यक्रम प्रमुख हैं।
जिला प्रशासन की ओर से दिए गए प्रशंसापत्र में संस्थान की निःस्वार्थ सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को सराहनीय बताया गया। कहा गया कि ऐसे प्रयास समाज को मजबूत करने के साथसाथ सेवा, संस्कार और आध्यात्मिकता की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
संस्थान की ओर से कहा गया कि यह सम्मान श्री आशुतोष महाराज की प्रेरणा और मार्गदर्शन में सेवा कार्यों से जुड़े साध्वी बहनों, स्वामियों, सेवादारों एवं स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। संस्थान भविष्य में भी आध्यात्मिक जागृति, मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और राष्ट्रहित की भावना को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता रहेगा।
संस्थान से जुड़े सदस्यों ने सम्मान के लिए जिला प्रशासन और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें समाजसेवा के कार्यों को और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।



