मुंबई : ‘हेरा फेरी’, ‘हंगामा’, ‘भूल भुलैया’ और ‘गरम मसाला’ जैसी कल्ट क्लासिक फिल्मों से दर्शकों को लोटपोट करने वाले दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। सिनेमा के पर्दे पर हंसी के ठहाके लगवाने वाले प्रियदर्शन ने साफ कहा है कि उन्हें कॉमेडी फिल्में डायरेक्ट करना बिल्कुल पसंद नहीं है। निर्देशक के मुताबिक, ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हेरा फेरी’ के बाद उनकी जिंदगी इतनी उलझ गई कि वह उसी सांचे में बंधकर रह गए और उन्हें अपनी पसंद का सिनेमा बनाने का मौका ही नहीं मिला।

‘गर्दिश और विरासत के बाद हेरा फेरी ने बिगाड़ा खेल’
एक इंटरव्यू के दौरान अपने दिल का दर्द बयां करते हुए प्रियदर्शन ने कहा कि उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर का आगाज संजीदा और गंभीर सिनेमा से किया था। उनकी फिल्में ‘गर्दिश’ और ‘विरासत’ बॉक्स ऑफिस पर बेहद सफल रहीं और दर्शकों ने उन्हें खूब सराहा। लेकिन इसके बाद साल 2000 में आई फिल्म ‘हेरा फेरी’ ने उनकी पूरी राह ही बदल दी। प्रियदर्शन ने बेबाकी से कहा, ‘हेरा फेरी ने मेरी जिंदगी मुश्किल कर दी। उसके बाद इंडस्ट्री और दर्शकों की तरफ से बस कॉमेडी, कॉमेडी और कॉमेडी की ही मांग रह गई। सच कहूं तो, मुझे कॉमेडी फिल्में डायरेक्ट करना बिल्कुल पसंद नहीं है।’
20 साल में बनाईं 16 कॉमेडी फिल्में, जोक्स से ज्यादा सिचुएशन पर भरोसा
आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2001 से 2021 के बीच प्रियदर्शन ने 20 हिंदी फिल्मों का निर्देशन किया, जिनमें से 16 फिल्में सिर्फ कॉमेडी जॉनर की थीं। अपनी निर्देशन शैली पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह कभी भी फूहड़ जोक्स या एक्टर्स के अजीब चेहरे बनाने पर भरोसा नहीं करते। उनकी फिल्मों में किरदार हमेशा गंभीर परिस्थितियों में होते हैं, लेकिन हालात ऐसे बन जाते हैं कि देखने वालों को हंसी आ जाती है। लगातार एक ही ढर्रे पर काम करने के बाद अब वह खुद में बदलाव महसूस कर रहे हैं।
‘हैवान’ से थ्रिलर जॉनर में वापसी, अक्षयसैफ की दिखेगी टक्कर
लंबे अरसे बाद प्रियदर्शन पूरी तरह से सीरियस और डार्क सिनेमा की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। वह अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ लेकर आ रहे हैं, जो उनकी 2016 की मलयालम सुपरहिट फिल्म ‘ओप्पम’ की रीमेक है। फिल्म में सैफ एक दृष्टिहीन शख्स के रोल में हैं, जबकि अक्षय कुमार खौफनाक कातिल के अवतार में नजर आएंगे। फिल्म में बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी हैं, जबकि साउथ सुपरस्टार मोहनलाल का कैमियो और दिवंगत अभिनेता असरानी की आखिरी ऑनस्क्रीन उपस्थिति देखने को मिलेगी। यह थ्रिलर 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



