
प्रतापगढ़ अमृत विचार : आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बुधवार को देवांश रिसोर्ट महकनी में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। महंगाई पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था के बढ़ते आंकड़े दिखाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था चंद पूंजीपतियों के पास गिरवी है। बड़े घरानों के करोड़ों रुपये का ऋण माफ कर दिया जाता है। गरीब की आरसी जारी होती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था फेल है। युवा रोजगार के लिए परेशान हैं। कार्यक्रम के दौरान बारिश के बीच भी भीड़ वहां जमा रही।
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि देश की जनता महंगाई से परेशान है। चीनी के दामों में 25 रुपये की बढ़ोतरी हुई तो इसका लाभ किसको मिला। किसानों को या उद्योग पतियों को। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान है। संविधान पर लगातार हमला हो रहा है। मगर जनता समझदार है। उन्होंने कहा कि शामली में अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा की पीटपीटकर हत्या कर दी जाती है। उनके परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था आखिरकार कहां पर है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नौकरियों के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। अपने चहेतों को रोजगार दिया जा रहा है। मगर अब ऐसा नहीं चलेगा।
कहा कि यदि जनता ने विधानसभा चुनाव में सेवा करने का मौका दिया तो युवाओं को रोजगार मिलेगा। महिलाएं और बहनबेटियां आगे बढ़ेंगी। उनकी तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख पाएगा। चंद्रशेखर आजाद ने मंडल आयोग के लिए पूर्व पीएम स्व.बीपी सिंह और अर्जुन सिंह की तारीफ करते हुए उनको और कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग की। कहा कि कल मऊ जिले के मधुबन के कार्यक्रम में बड़ा प्यार मिला था, आज प्रतापगढ़ दिल में बस गया। इस मौके पर विश्वनाथगंज विधानसभा से उनकी पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरने वाले हरिशचंद्र सरोज के लिए जनता से समर्थन भी मांगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और बेटियां भी मौजूद रहीं। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं से इस जोश और जज्बे को बनाए रखने की अपील भी की। सम्मेलन के बाद पैदल यात्रा भी निकाली गई।



