
लखनऊ। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने शिक्षकों के लिए विशेष वेतन पैकेज लॉन्च किया है। ‘शिक्षक विशेष यूपीजीबी वेतन पैकेज’ के तहत शिक्षकों को 1.10 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना एवं दिव्यांगता बीमा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा 10 लाख रुपये का जीवन बीमा भी मुफ्त मिलेगा। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधन ने इस विशेष पैकेज का अनावरण किया। बैंक के मुताबिक, पैकेज तैयार करने से पहले पिछले एक महीने से चलाए जा रहे ‘शिक्षक संवाद’ कार्यक्रम के जरिए शिक्षकों से सुझाव लिए गए थे। इन्हीं सुझावों को पैकेज में शामिल किया गया है।
होम, कार और पर्सनल लोन पर नहीं लगेगा प्रोसेसिंग शुल्क
यूपी ग्रामीण बैंक के विशेष वेतन पैकेज में शिक्षकों को कई बैंकिंग सुविधाओं पर राहत दी गई है। शिक्षकों को होम लोन, कार लोन और व्यक्तिगत ऋण पर प्रसंस्करण शुल्क नहीं देना होगा। इसके साथ ही लॉकर शुल्क में भी छूट का प्रावधान किया गया है। शिक्षा ऋण लेने वाले शिक्षकों के लिए भी विशेष सुविधा दी गई है। उन्हें शिक्षा ऋण पर 0.25 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज छूट मिलेगी।
NEFT, RTGS और चेकबुक समेत कई सेवाएं मुफ्त
पैकेज के तहत शिक्षकों को रोजमर्रा की कई बैंकिंग सेवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें NEFT, RTGS, SMS अलर्ट, चेकबुक और डिमांड ड्राफ्ट जैसी सेवाएं शामिल हैं। बैंक का कहना है कि दुर्घटना एवं दिव्यांगता बीमा और जीवन बीमा की सुविधा शिक्षकों और उनके परिवारों को अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगी।
‘शिक्षक राष्ट्र निर्माता, बैंक बनाना चाहता है दीर्घकालिक रिश्ता’
क्षेत्रीय प्रबंधक कौशल किशोर ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल शिक्षकों के वेतन खाते खोलना नहीं है, बल्कि उनके साथ दीर्घकालिक वित्तीय संबंध स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संवाद के दौरान मिले सुझावों के आधार पर पैकेज को तैयार किया गया है। कार्यक्रम में शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधांशु मोहन ने विशेष वेतन पैकेज की सराहना करते हुए इसे शिक्षकों के लिए अन्य बैंकों की योजनाओं की तुलना में अधिक लाभकारी बताया।
शिक्षकों को अंगवस्त्र भेंटकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर उप क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश उपाध्याय, मुख्य प्रबंधक अभय कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक शशि सिंह, मोहम्मद रऊफ, शिक्षक अजय सिंह और शाखा प्रबंधक निराजन आनंद समेत बैंक के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। बैंक प्रबंधन के अनुसार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की 4,300 से अधिक शाखाएं हैं और यह बैंक आठ करोड़ से अधिक ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।



