
मथुरा, अमृत विचार। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में सुबह से ही देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंगला आरती में हजारों भक्त शामिल हुए। आरती के बाद जन्मभूमि परिसर भक्तिमय हो उठा। ढोलनगाड़ों और ताशों की थाप पर श्रद्धालु जमकर झूमे और पूरा परिसर ‘कन्हैया लाल की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।
जन्माष्टमी पर CM योगी ने किए लाला के दर्शन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने ब्रज प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री के रूप में यह उनका श्रीकृष्ण जन्मभूमि का 20वां दर्शन रहा। मंदिर पहुंचने पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सीएम योगी ने मुख्य गर्भगृह में विराजमान बाल कृष्ण ‘लाला’ के दर्शन किए। उन्होंने विधिविधान से विशेष पूजनअर्चन कर भगवान का आशीर्वाद लिया। जन्माष्टमी के विशेष अवसर पर मुख्य गर्भगृह को चांदी की परत से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मुख्यमंत्री ने काफी देर तक सजे हुए गर्भगृह और भगवान श्रीकृष्ण के मनमोहक स्वरूप के दर्शन किए।
योगमाया, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी पूजा
मुख्य गर्भगृह में दर्शनपूजन के बाद मुख्यमंत्री ने योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी पूजाअर्चना की। उन्होंने देश और प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इससे पहले जन्मभूमि परिसर में उन्होंने गोमाता का विधिवत पूजन भी किया।
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। सीएम योगी ने भी भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया और उन पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उज्जैन से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। सीएम योगी करीब 30 मिनट तक जन्मभूमि परिसर में रहे।
‘कान्हा की कृपा से हो रहा सब कुछ’
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे श्रद्धालुओं में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह नजर आया। एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि सब कुछ कान्हा जी की कृपा से हो रहा है। उनके मुताबिक जब से उन्होंने कान्हा की शरण ली है, तब से जीवन में चमत्कार ही चमत्कार हो रहे हैं। श्रद्धालु मोहन सिंह ने बताया कि वह करीब 15 वर्षों से जन्माष्टमी मनाने मथुरा आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां आते ही भक्तिभाव में झूमने लगते हैं। उनके मुताबिक वह खुद नहीं नाचते, बल्कि कान्हा ही उन्हें नचाते हैं।
एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि कन्हैया जी के आशीर्वाद से उन्हें संत रस जी के दर्शन का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि हर साल जन्माष्टमी की भव्यता बढ़ रही है और इस बार भी दर्शन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि मथुरा उनकी ससुराल है और वह यहीं रहती हैं। वह रोज भगवान के दर्शन करने आती हैं, लेकिन जन्माष्टमी के दिन पहली बार दर्शन के लिए पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मंदिर आकर उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है।
करीब 20 वर्षों से मंदिर आने वाली एक अन्य महिला भक्त ने कहा कि जब वह मंदिर नहीं आतीं तो ऐसा लगता है कि कुछ छूट गया है। उन्होंने मंदिर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि अब आराम से दर्शन हो रहे हैं। वहीं, एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि वह सुबह करीब तीन बजे ही मंदिर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि मंदिर में पहले की तुलना में सुविधाएं काफी बेहतर हुई हैं और दर्शन कर उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है।
सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम
जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के साथ श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने पर विशेष जोर दिया गया है। सुबह से मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारु नजर आईं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।
CM योगी ने सोशल मीडिया पर दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म और निष्काम कर्म के आदर्श स्थापित होने के साथ सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।


