TrendingUttar Pradesh

​श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ब्रज के विकास का बड़ा एलान, CM योगी बोले- अयोध्या-काशी जैसा बनेगा; अखिलेश ने भी जताया संकल्प

​श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ब्रज के विकास का बड़ा एलान, CM योगी बोले- अयोध्या-काशी जैसा बनेगा; अखिलेश ने भी जताया संकल्प

मथुरा, अमृत विचार। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को मथुरा में ब्रज क्षेत्र के विकास को लेकर सियासी तस्वीर भी साफ होती नजर आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शनपूजन के बाद कहा कि अयोध्या और काशी के भव्य कायाकल्प के बाद अब ब्रजभूमि को भी जनभावनाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ब्रज के संतुलित और विश्वस्तरीय विकास का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि विकास ब्रजवासियों की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

अयोध्याकाशी की तर्ज पर विकसित होगा ब्रज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रज का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व बेहद व्यापक है। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां अयोध्या और काशी की तर्ज पर भव्य परिसर और आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसाना, नंदगांव, गोवर्धन और वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बांके बिहारी मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर यातायात, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को मजबूत करने का काम लगातार जारी है। उन्होंने अयोध्या और मां विंध्यवासिनी धाम में हुए विकास कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्रज क्षेत्र के धार्मिक और ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

पिछली सरकारों पर भी साधा निशाना

जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें वोट बैंक के डर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि आने से कतराती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों की आस्था बाबर और औरंगजेब में रही हो, वे जनआस्था का सम्मान नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि समाज में विभाजन और जहर घोलने तथा राष्ट्रविरोधी तत्वों को बढ़ावा देने वाले मंसूबों को डबल इंजन की सरकार पूरा नहीं होने देगी।

‘जवाहर बाग नहीं, अब भव्य आयोजन की पहचान’

मुख्यमंत्री ने मथुरा के पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि अब ब्रजभूमि में जवाहर बाग जैसी हिंसक घटनाएं नहीं होतीं। इसके बजाय यहां जन्मोत्सव, रंगोत्सव, ब्रजरज उत्सव और वैष्णव कुंभ जैसे बड़े आयोजन नई उमंग और विश्वास का प्रतीक बन रहे हैं। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के निष्काम कर्म के संदेश का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

अखिलेश बोले ब्रजवासियों की कीमत पर नहीं हो विकास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के कुछ ही समय बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ब्रज के विकास को लेकर अपना संकल्प दोहराया। जन्माष्टमी के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में वापस आती है तो मथुरावृंदावनबरसानागोवर्धन धार्मिक क्षेत्र का संतुलित, विश्वस्तरीय और चतुर्दिक विकास किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए, जिससे ब्रज की धार्मिक और पौराणिक पहचान सुरक्षित रहे और तीर्थयात्रियों तथा आध्यात्मिक पर्यटकों को अत्याधुनिक बुनियादी सुविधाएं भी मिल सकें। उन्होंने कहा कि ब्रज के विकास का अर्थ ब्रजवासियों की उपेक्षा नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक स्थानीय लोगों की सहमति और सहयोग से ही क्षेत्र का समुचित विकास संभव है। ब्रजवासियों के उत्थान और कल्याण में ही ब्रज क्षेत्र के विकास के सूत्र निहित हैं।

ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के समन्वय से क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित रखते हुए मथुरावृंदावन के विकास पर काम कर रही है। कृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन का बांके बिहारी मंदिर, बरसाना, नंदगांव और गोवर्धन में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजनाओं पर काम किया जा रहा है। जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बयानों से साफ है कि ब्रज क्षेत्र का विकास अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी एक अहम मुद्दा बनता जा रहा है।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply