
पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में शराब में कथित तौर पर जहर मिलाकर चार लोगों की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने जिस प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह बताया था, आरोपी लाली कुमार की बहन ने उसे पूरी तरह खारिज कर दिया है। महिला का दावा है कि मृतक निशु उसका भतीजा था और दोनों के बीच किसी तरह का प्रेम संबंध नहीं था। उसने अपने भाई को पुलिस द्वारा फंसाए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के खुलासे पर उठाए सवाल
लाली कुमार की बहन गुरुवार को बाढ़ थाने पहुंची और पुलिस की जांच पर सवाल खड़े किए। थाने के बाहर मीडिया से बातचीत में उसने आरोप लगाया कि उसके भाई को जबरन इस हत्याकांड में फंसाया गया है।
महिला का कहना है कि लाली ने शराब में जहर नहीं मिलाया था। उसके मुताबिक पुलिस ने मारपीट कर उसके भाई से हत्या की बात कबूल करवाई है। उसने पुलिसकर्मियों के खिलाफ मानहानि का केस करने की चेतावनी भी दी।
‘निशु मेरा भतीजा था, अफेयर की बात गलत’
महिला ने पुलिस के उस दावे को भी गलत बताया, जिसमें निशु के साथ उसके कथित प्रेम संबंध को हत्या की वजह बताया गया है। उसने कहा कि निशु उसका भतीजा था और उनके बीच किसी भी तरह का अफेयर नहीं था।
उसने कहा कि अगर पुलिस को शक है तो दोनों के मोबाइल फोन की जांच कर सकती है। महिला के मुताबिक निशु की शादी को करीब पांच साल हो चुके थे और वह खुद भी शादीशुदा है। ऐसे में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात बेबुनियाद है।
‘लाली ने ही लोगों को अस्पताल पहुंचाया’
आरोपी की बहन के मुताबिक घटना के समय लाली मौके पर पहुंचा था। वहां उसने चारों लोगों को बेसुध हालत में देखा। उसने उन्हें उठाया, पानी पिलाया और आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
महिला का तर्क है कि अगर उसका भाई ही चारों की हत्या का जिम्मेदार होता तो वह उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश क्यों करता।
30 अगस्त को चार दोस्तों की हुई थी मौत
बेढ़ना गांव में 30 अगस्त को शराब पार्टी के बाद निशु राज, शशि, विकास और पंकज की मौत हो गई थी। चारों के आपस में दोस्त होने की बात सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इसे कथित जहरीली शराब से जुड़ा मामला माना।
लाली समेत तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
पुलिस ने मामले की जांच के बाद लाली कुमार और उसके साथी रुदल कुमार को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि सन्नी कुमार नाम का एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया था प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, निशु का करीब ढाई साल से लाली की बहन के साथ कथित प्रेम संबंध था। पुलिस का दावा था कि इस रिश्ते को लेकर लाली नाराज था और उसे सामाजिक बदनामी का डर था।
जांच एजेंसी के अनुसार इसी वजह से उसने निशु को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस का आरोप है कि बाजार से जहर मंगवाकर उसे शराब में मिलाया गया और फिर निशु तथा उसके दोस्तों को पिला दिया गया।
पुलिस के दावे और परिवार के आरोप आमने-सामने
पुलिस ने दावा किया था कि पूछताछ के दौरान लाली ने अपराध कबूल किया है। वहीं अब उसकी बहन ने पुलिस की पूरी कहानी पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। उसने भाई को निर्दोष बताते हुए जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाया है।
ऐसे में मामले में पुलिस के दावे और आरोपी के परिवार की ओर से लगाए गए आरोप आमने-सामने हैं। अब जांच में सामने आने वाले साक्ष्य यह स्पष्ट करेंगे कि चारों मौतों के पीछे असल वजह क्या थी।



