CrimeIndiaTrending

POCSO केस दर्ज होते ही यूपी भागा स्वतंत्र भारद्वाज, बुलंदशहर में छिपा था आरोपी; क्राइम ब्रांच ने दबोचा,,

POCSO केस दर्ज होते ही यूपी भागा स्वतंत्र भारद्वाज, बुलंदशहर में छिपा था आरोपी; क्राइम ब्रांच ने दबोचा,,

दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान नाबालिग छात्रा के पिता से कथित मारपीट के मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट और SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी के यूपी में छिपे होने की जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शन के दौरान मारपीट का आरोप

आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान स्वतंत्र भारद्वाज ने एक नाबालिग छात्रा के पिता के साथ मारपीट की थी। बाद में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर उसने इस घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसने उनके सिर पर हमला किया था।

मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी दिल्ली से बाहर निकल गया। वहीं, पीड़िता की ओर से आरोप लगाया गया कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर उसे गालियां और गंभीर धमकियां दी गईं, जिसके चलते उसकी पढ़ाई और सामान्य जीवन भी प्रभावित हुआ।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस पर दबाव

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़े लोगों ने दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बताया गया कि पुलिस की ओर से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया गया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसकी तलाश तेज कर दी।

बुलंदशहर के गांव में छिपा था स्वतंत्र

पुलिस जांच में पता चला कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला स्वतंत्र भारद्वाज उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर पहुंच गया था। शुक्रवार तड़के वह नैथला गांव में एक कैब ड्राइवर के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी की उस व्यक्ति से पहले एक यात्रा के दौरान पहचान हुई थी।

घर में कुछ समय रुकने के बाद गांव में मीडिया की हलचल बढ़ने लगी। इसी दौरान आरोपी ने बाइक मांगी और कुछ देर में वापस आने की बात कहकर वहां से निकल गया।

सादे कपड़ों में पहुंची क्राइम ब्रांच

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम सादे कपड़ों में धमेड़ा नारा गांव पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में ले लिया।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके दिल्ली से यूपी पहुंचने तथा यहां छिपने के दौरान संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

POCSO और SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ दर्ज केस में SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। वहीं, नाबालिग को कथित तौर पर दी गई धमकियों और ऑनलाइन उत्पीड़न के संबंध में POCSO एक्ट के तहत अलग एफआईआर दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply