
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में NCL के सीनियर ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करने का दावा किया है। 23 अगस्त को रमाशंकर का शव शक्तिनगर थाना क्षेत्र की बीना कॉलोनी के पास सड़क किनारे मिला था। शुरुआत में मामला सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने इसे हत्या बताया।
इस मामले में पुलिस ने रमाशंकर की पत्नी प्रियंका मिश्रा, उसके कथित प्रेमी विकास चौहान समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पिता ने बहू पर जताया था शक
रमाशंकर के पिता रामयश मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी बहू प्रियंका पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि प्रियंका के किसी दूसरे युवक से संबंध थे और इसी वजह से उनके बेटे की हत्या की गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ मृतक और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई।
घर में दोनों को साथ देखने के बाद हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, जांच में प्रियंका और विकास चौहान के बीच कथित संबंध की बात सामने आई। आरोप है कि 22 अगस्त को रमाशंकर ने प्रियंका और विकास को घर में एक साथ देख लिया था।
इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के बाद प्रियंका और विकास ने रमाशंकर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
गला दबाकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रियंका और विकास ने कथित तौर पर मिलकर रमाशंकर की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को हादसे का रूप देने की योजना बनाई गई।
पुलिस का कहना है कि वारदात को छिपाने के लिए रमाशंकर के सिर को पत्थर के फर्श पर पटककर चोट पहुंचाई गई, ताकि मौत सड़क दुर्घटना में होने जैसी लगे।
शव को गमछे में लपेटकर सड़क किनारे फेंका
जांच के मुताबिक, विकास चौहान ने अपने दो साथियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद ली। आरोप है कि रमाशंकर के शव को गमछे में लपेटकर सड़क किनारे ले जाया गया।
इसके बाद शव पर चोट के निशान बनाए गए, जिससे शुरुआती तौर पर पुलिस को यह सड़क हादसा नजर आए।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल समेत कई तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों को जोड़ने के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रमाशंकर की पत्नी प्रियंका मिश्रा, विकास चौहान, अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता शामिल हैं।
पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा करने का दावा किया
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच को तेजी से आगे बढ़ाया गया और तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर करीब 24 घंटे में हत्याकांड की कड़ी जोड़ ली गई।
फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



