
जयपुर में डिलीवरी बॉय से लूट का मामला सामने आया है। कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने रास्ता रोककर युवक के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे करीब 20 हजार रुपये कैश और मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाशों ने मोबाइल के जरिए जबरन दो बार में 2,700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाए। वारदात के बाद सभी आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्विफ्ट कार ने बाइक रोककर की वारदात
ASI मानसिंह के मुताबिक, लूट का शिकार करौली के कुड़गांव निवासी 25 वर्षीय संतराम मीना हुआ है। वह स्विगी कंपनी में डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करता है। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह एक ऑर्डर डिलीवर करने के बाद बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जगतपुरा इलाके में महल रोड पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने उसकी बाइक के आगे आकर रास्ता रोक दिया।
कार रुकते ही उसमें सवार पांच नकाबपोश युवक बाहर निकले और संतराम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उसकी जेब से करीब 20 हजार रुपये कैश निकाल लिया। इसके बाद मोबाइल फोन छीनकर उसे दो बार में कुल 2,700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया।
मारपीट के बाद कार से फरार हुए बदमाश
लूटपाट के बाद बदमाशों ने युवक को सड़क पर गिरा दिया और कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। मारपीट में घायल संतराम ने निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद उसने शिवदासपुरा थाने पहुंचकर कार सवार पांचों बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वारदात की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की कार तथा आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



