TrendingUttar Pradesh

​राहुल गांधी पर बृजभूषण का निशाना, बोले- पहले अपनी जड़ों और वंशावली को जानें

​राहुल गांधी पर बृजभूषण का निशाना, बोले- पहले अपनी जड़ों और वंशावली को जानें

जगदीशपुर/अमेठी, अमृत विचार। भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को जगदीशपुर में सियासी तेवर दिखाते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। निजी हेलिकॉप्टर से पहुंचे बृजभूषण ने मंच से समाज को अपनी जड़ों, वंशावली और गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का संदेश दिया। साथ ही स्वजातियों से एकजुट होकर समाज और राष्ट्रहित में काम करने का आह्वान किया।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजेश विक्रम सिंह के निजी प्रतिष्ठान के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व सांसद ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास और पूर्वजों के योगदान को भूल जाता है, वह अपनी पहचान खो देता है। युवाओं को यह जानना जरूरी है कि उनके पूर्वज कौन थे, उन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए क्या किया और आने वाली पीढ़ी के लिए क्या करना है।

राम, कृष्ण और महाराणा प्रताप का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अलगअलग कालखंडों में पूर्वजों ने समाज को दिशा दी और नायक की भूमिका निभाई। महाराणा प्रताप के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने घास की रोटी खाना स्वीकार किया, लेकिन अकबर के सामने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। महाराज रघु के त्याग का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

‘अपने लिए नहीं, समाज और राष्ट्र के लिए जिएं’

बृजभूषण ने कहा कि जीवन केवल अपने लिए जीने का नाम नहीं है। समाज और राष्ट्र के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से इतिहास पढ़ने, अपनी वंशावली जानने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। कहा कि अतीत को समझकर ही वर्तमान का मूल्यांकन और भविष्य की दिशा तय की जा सकती है।

उन्होंने कहा—“हम कौन थे, क्या हो गए हैं और क्या होंगे अभी, आओ विचारें आज मिलकर सभी।” उनके इस संदेश में जहां समाज को संगठित करने की अपील दिखी, वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधकर उन्होंने कार्यक्रम को सियासी रंग भी दे दिया।
कार्यक्रम में गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, भाजपा एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, कथावाचक शांतनु महाराज समेत अयोध्या के कई धर्माचार्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply