
मछरेहटा / सीतापुर, अमृत विचार: अनबन ऐसी हुई कि पति ने घर के भीतर ही अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर ईंट से कूच डाला। बेरहमी की हदे पार करने के बाद आरोपी घर से निकलकर फरार हो गया। मछरेहटा थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत रमुवापुर में हुई वारदात को लेकर पुलिस ने बच्चों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किये हैं। मछरेहटा थानाक्षेत्र के रमुवापुर गांव में किरन देवी पत्नी राजेश कुमार अपने बच्चों के साथ घर पर थी।
बताते हैं कि राजेश रविवार शाम घर लौटा, किसी बात को लेकर दोनों के मध्य झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि राजेश कमरे से कुल्हाड़ी उठा लाया और देखते ही देखते किरन पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। आक्रोशित राजेश की बर्बरता यहीं पर खत्म नहीं हुई, उसने ईंट से भी कई प्रहार अपनी पत्नी पर किये।
मौत के घाट उतार कर आरोपी राजेश मौके से भाग निकला, पड़ोसियों और ग्रामीणों की सूचना एसओ मछरेहटा रजनेश कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। बच्चों और पड़ोसियों से बयान लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष का कहना है कि किसी बात को लेकर राजेश और उसकी पत्नी किरन के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चली आ रही थी। हत्या की वजह को लेकर बच्चों और करीबियों के बयान दर्ज किये गए हैं।



