TrendingUttar Pradesh

​लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज में रैना की मास्टरक्लास, युवा खिलाड़ियों को दिए टिप्स; बताया कैसे बनते हैं मैदान के असली चैंपियन

​लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज में रैना की मास्टरक्लास,  युवा खिलाड़ियों को दिए टिप्स; बताया कैसे बनते हैं मैदान के असली चैंपियन

लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय क्रिकेट के पूर्व स्टार सुरेश रैना रविवार को कुर्सी रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचे तो उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं। शिक्षक दिवस के ठीक अगले दिन हुए इस खास दौरे में रैना एक छात्र से गुरु की भूमिका में नजर आए।

इस दौरान उन्होंने कॉलेज के उभरते खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां और सफलता के मंत्र दिए। उनके साथ आईपीएल के चर्चित खिलाड़ी मनविंदर बिसला और रणजी क्रिकेटर दीपेंद्र पांडे भी मौजूद रहे।

कॉलेज पहुंचने पर प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव और क्रिकेट कोच शैलेंद्र सिंह ने रैना का स्वागत किया। इसके बाद रैना अपने पुराने हॉस्टल पहुंचे। वहां उन्होंने छात्र जीवन और हॉस्टल के कड़े अनुशासन से जुड़ी यादें साझा कीं। पुराने दिनों को याद करते हुए वह भावुक भी नजर आए। इसके बाद रैना नेट्स पर पहुंचे और खिलाड़ियों के साथ बल्लेबाजी का अभ्यास किया।

उन्होंने खिलाड़ियों को तकनीक सुधारने, अभ्यास के दौरान छोटीछोटी कमियों को दूर करने और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के तरीके बताए। रैना ने कहा कि मैदान पर लगातार बहाया गया पसीना ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

रैना के साथ मौजूद मनविंदर बिसला और दीपेंद्र पांडे ने भी खिलाड़ियों से संवाद किया। इस दौरान कॉलेज के खिलाड़ियों में खासा उत्साह रहा। खिलाड़ियों ने रैना के साथ सेल्फी ली और उनका ऑटोग्राफ भी लिया।

ये भी पढ़ें : 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply