Mohammad Yousuf : भारत के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत को पाकिस्तान क्रिकेट के लिए कभी गौरव का पल माना गया था, लेकिन अब उसी जीत को लेकर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद युसूफ ने ऐसा बयान दिया है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। युसूफ का मानना है कि 2021 टी20 वर्ल्ड कप में भारत को 10 विकेट से हराने के बाद पाकिस्तान टीम के अंदर ऐसी मानसिकता बनी, जिसने आगे चलकर टीम को नुकसान पहुंचाया।

‘भारत को हराने के बाद सब कुछ बदल गया’
मोहम्मद युसूफ ने कहा कि 2021 में भारत के खिलाफ मिली जीत के बाद कुछ खिलाड़ियों को लगने लगा कि उन्होंने बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उनके मुताबिक, इसके बाद खिलाड़ियों में विनम्रता और अनुशासन की कमी दिखाई देने लगी।
युसूफ ने कहा कि जब कोई टीम अच्छा प्रदर्शन करती है तो उसे और ज्यादा मेहनत करनी चाहिए और जमीन से जुड़ा रहना चाहिए। लेकिन उनके अनुसार पाकिस्तान टीम में इसके उलट हुआ और जीत के बाद अंदरूनी समस्याएं बढ़ने लगीं।
कप्तानी की होड़ ने भी बिगाड़ा माहौल
युसूफ ने पाकिस्तान क्रिकेट की परेशानी का एक बड़ा कारण कप्तानी को लेकर खिलाड़ियों के बीच चल रही कथित होड़ को भी बताया। उन्होंने कहा कि टीम में हर कोई कप्तान बनने की कोशिश कर रहा था, जिससे ड्रेसिंग रूम का माहौल प्रभावित हुआ।
इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तान और कोच बदलने का सिलसिला चलता रहा, लेकिन टीम को लगातार सफलता नहीं मिल सकी। युसूफ ने पिछले चारपांच साल के प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंटों में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई।
PCB के बड़े फैसलों का युसूफ ने किया समर्थन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद टीम में बड़ा बदलाव किया है। सात खिलाड़ियों को वापस भेजा गया और कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किए गए। इस फैसले पर पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल उठाए हैं, लेकिन मोहम्मद युसूफ ने PCB के कदम का समर्थन किया है।
युसूफ का कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट की स्थिति लगातार खराब हो रही थी और अब जवाबदेही तय करने की जरूरत थी। उनके इस बयान के बाद 2021 में भारत के खिलाफ मिली पाकिस्तान की ऐतिहासिक जीत एक बार फिर चर्चा में आ गई है।



