
सीतापुर, अमृत विचार। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने सोमवार को जलमग्न इलाकों का निरीक्षण किया। मंत्री ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मंत्री ने ग्राम पंचायत बेलवा ढींगरा, भड़फर, मझारी करिंदा, मझरी पासीन और तेजवापुर समेत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और ठहरने की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सुरेश राही ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों के रहने और गुणवत्तापूर्ण भोजन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ के कारण किसी भी ग्रामीण को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और जरूरत के मुताबिक तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राहत शिविर की रसोई भी परखी
मंत्री ने राहत शिविर में तैयार किए जा रहे भोजन और रसोई का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई में साफसफाई, भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत शिविरों में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों की टीमें भी मौजूद रहीं।
-1788579519437_v.webp)


