पटियाला : कनाडा में लाइव शो के बाद काफिले की गाड़ी पर हुई गोलीबारी की खबरों के बीच मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क के परिवार की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, गायक के पिता कुलजीत सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बड़ा दावा किया है कि फायरिंग की यह वारदात उनके बेटे की गाड़ी पर नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि यह हमला शो के आयोजकों से जुड़ा हुआ था और एमी विर्क पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पिता बोले बेटे से नहीं हो पाई बात, भाई के जरिए मिली राहत की खबर
नाभा के गांव लोहार माजरा के सरपंच और एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह इस घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत अपने बेटे से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सीधे बातचीत नहीं हो सकी। उन्होंने आगे बताया कि एमी के भाई भगवंत की गायक से रोजाना बात होती है और उसी ने परिवार को आश्वस्त किया कि गोलियां एमी विर्क की गाड़ी पर नहीं चलाई गई थीं। कुलजीत सिंह ने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं है।
View this post on Instagram
शो के आयोजकों की गाड़ी को निशाना बनाए जाने का दावा
गायक के पिता के अनुसार, यह पूरी घटना रविवार रात की है और हमलावरों का निशाना कार्यक्रम के स्थानीय आयोजक थे, न कि एमी विर्क। घटना के तुरंत बाद फैली खबरों से परिवार और उनके चाहने वालों में दहशत फैल गई थी, लेकिन भाई से बातचीत के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिवार ने साफ किया है कि एमी विर्क कनाडा में अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षित हैं।
कनाडा पुलिस कर रही मामले की जांच, जली हुई संदिग्ध गाड़ी बरामद
कनाडा से आई शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, यह वारदात ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में मैक्कलम रोड के 2500ब्लॉक के पास 5 सितंबर की रात करीब 11 बजे घटी थी। एक गहरे रंग की एसयूवी में सवार हमलावरों ने सड़क पर जा रही गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ था। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस को सनीसाइड प्लेस के पास एक संदिग्ध एसयूवी पूरी तरह आग की लपटों में घिरी मिली। एबॉट्सफोर्ड पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट इस टारगेटेड हमले और जली हुई गाड़ी के कनेक्शन की गहनता से जांच कर रही है। एमी विर्क ने उसी दिन शाम को रोजर्स फोरम में अपना लाइव शो किया था।



